Who is Sanjay Jha: बिहार की सियासत में नीतीश कुमार के सबसे करीबी नेताओं में संजय कुमार झा और ललन सिंह की गिनती अव्वल दर्जे पर की को कोई नकार नहीं सकता है। शायद यही वजह है कि कभी राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह जेडीयू के अध्यक्ष रहे और अब संजय झा को नीतीश ने अपनी पार्टी जनता दल यूनाइटेड की बागडोर सौंप दी है। जद(यू) सांसद संजय झा को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। क्या आप जानते हैं कि आखिर जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय सिंह ने राजनीति में कब और कैसे कदम रखा, उनका कद कैसे दिन पर दिन इतना बढ़ता चला गया कि आज नीतीश को उन पर सबसे अधिक भरोसा हो गया है।
संजय कुमार झा को जानिए।
संजय झा के कंधों पर नीतीश ने सौंपा सबसे बड़ा जिम्मा
लोकसभा चुनाव 2024 में दमदार जीत हासिल करने के बाद जनता दल (यूनाइटेड) अब अगले साल होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों में जुट गई है। यही वजह है कि नीतीश ने पार्टी में उलटफेर का सिलसिला तेज कर दिया है। अपने करीबी और राज्यसभा सदस्य संजय झा के कंधों पर एक बार फिर सीएम नीतीश ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें शनिवार को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री, बिहार।
संजय झा ने भाजपा से की थी सियासी सफर की शुरुआत
बिहार सरकार में जल संसाधन मंत्री रह चुके झा ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत भाजपा से की थी। बाद में, वह जद (यू) में शामिल हो गए। वह जद(यू) के राष्ट्रीय महासचिव और राज्य योजना परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं। संजय झा को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का काफी करीबी माना जाता है।
बिहार सरकार में तीन बार संभाली मंत्री पद की जिम्मेदारी
संजय कुमार ने बिहार सरकार में मंत्री के रूप में तीन बार काम कर चुके हैं, उन्हें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सबसे करीबी और सबसे भरोसेमंद नेता के रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने बिहार सरकार में जल संसाधन विभाग (डब्ल्यूआरडी) और सूचना और जनसंपर्क विभाग (आईपीआरडी) सहित महत्वपूर्ण विभागों का जिम्मा उठाया है, अब उनके कंधों पर पार्टी की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
नीतीश कुमार और संजय झा।
जानकारी के मुताबिक संजय झा ने सक्रिय राजनीति में वर्ष 2004-05 में एंट्री की थी, जिसके बाद साल 2006 में वो बिहार विधान परिषद के सदस्य (MLC) बने थे। वो 2024 तक एमएलसी रहे और तीन बार बिहार सरकार में जल संसाधन मंत्री रहे। फरवरी 2024 में वशिष्ठ नारायण सिंह की जगह संजय झा जनता दल (यूनाइटेड) से निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुने गए।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया बड़ा फैसला
जद (यू) नेता नीरज कुमार ने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकिारिणी की बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, 'कार्यकारिणी में दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किये गए। पहला, राजनीतिक और दूसरा संगठनात्मक। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्यमंत्री (नीतीश कुमार) जी ने पार्टी के राज्यसभा में संसदीय दल के नेता संजय झा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया।'
