भारतीय कुश्ती संघ का निलंबन, राजनीतिक नुकसान से बचने के लिए सरकार ने उठाया कदम?

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Dec 25, 2023, 07:26 AM IST

Wrestling Federation of India : भाजपा नहीं चाहेगी कि लोकसभा चुनावों से पहले पहलवानों और बृजभूषण शरण सिंह के विवाद का मसला फिर तूल पकड़े और जाट समुदाय में उसके खिलाफ एक माहौल बने। दरअसल, बृजभूषण शरण सिंह पर महिलाओं खिलाड़ियों के यौन उत्पीड़न के आरोप हैं।

Wrestling Federation of India : भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष पद पर संजय सिंह की जीत के बाद पहलवानों एवं बृजभूषण शरण सिंह का विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया। संजय सिंह भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह के करीबी एवं उनके खासमखास हैं। चुनाव में संजय सिंह की जीत के बाद पहलवान का थमा गुस्सा एवं आक्रोश अचानक से सामने आ गया। ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक ने कुश्ती से संन्यास लेने की घोषणा कर दी और पहलवान बजरंग पूनिया ने अपने पद्मश्री लौटा दिए। मामले को तूल पकड़ता और इसे राजनीतिक रंग लेता देख सरकार भी हरकत में आ गई। उसने WFI को अगले आदेश तक निलंबित कर दिया।

Wrestling Federation of India

सरकार ने कुश्ती संघ को अगले आदेश तक निलंबित कर दिया है।

खेल मंत्रालय ने क्या कहा

खेल मंत्रालय ने निलंबन का कदम क्यों उठाया, इसके बारे में भी जानकारी दी। उसने कहा कि इस नवनिर्वाचित संस्था ने उचित प्रकिया का पालन नहीं किया। उसने पहलवानों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय दिए बिना अंडर-15 और अंडर-20 राष्ट्रीय चैंपियनशिप के आयोजन की जल्दबाजी में घोषणा की। यह भी कहा कि नई संस्था पूरी तरह पुराने पदाधिकारियों के नियंत्रण में थी। जाहिर है उसका इशारा बृजभूषण सिंह की तरफ था।

End of Feed