Jagdeep Dhankhar Mimicry Row: राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ की नकल का मुद्दे पर विवाद गरमा गया है। देश के प्रधानमंत्री समेत कई दिग्गज नेताओं ने इस मामले पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी है। सत्तापक्ष के लोग इसकी घोर निंदा कर रहे हैं तो विपक्ष इस हरकत पर टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी का बचाव कर रहे हैं। ममता बनर्जी ने कहा है कि 'इसका मकसद उनका अपमान करना नहीं, हम सभी का सम्मान करते हैं।'
जगदीप धनखड़ की नकल उतारे जाने का विवाद गहराया।
ममता बनर्जी ने अपने सांसद कल्याण बनर्जी का किया बचाव
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी के एक सांसद द्वारा राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ की नकल उतारे जाने के मुद्दे को कोई तवज्जो नहीं देते हुए बुधवार को कहा कि इसका मकसद उनका अपमान करना नहीं था। धनखड़ की नकल को लेकर विवादों में फंसे तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी ने भी कहा कि उनका इरादा सभापति की भावनाओं को ठेस पहुंचाने या अनादर करने का नहीं था। इस विवाद को लेकर सवाल किए जाने पर ममता बनर्जी ने कहा, 'हम सभी का सम्मान करते हैं। यह अपमानजनक नहीं था। यह सिर्फ राजनीतिक रूप से, आकस्मिक था... अगर राहुल जी ने इसे रिकॉर्ड नहीं किया होता तो आपको इसकी जानकारी भी नहीं मिलती।' पीएम मोदी से मिलने बुधवार को संसद भवन आयी थीं।
धनखड़ की नकल के मुद्दे पर कल्याण बनर्जी ने नहीं मांगी माफी
कल्याण बनर्जी ने कहा कि उनका इरादा किसी को आहत करने का नहीं था। हालांकि उन्होंने इस मुद्दे को लेकर कोई माफी नहीं मांगी। धनखड़ ने उनके कृत्य को उपराष्ट्रपति पद, किसानों और अपनी जाति का अपमान बताया है। तृणमूल सांसद ने कहा, 'नकल करना कोई अपराध नहीं है, वे (भाजपा) मुख्य मुद्दे को बदलने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या विपक्षी सांसदों का निलंबन सही है।' उन्होंने दावा किया कि विगत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी ऐसा कर चुके हैं। कल्याण बनर्जी ने बुधवार को कहा, 'उपराष्ट्रपति सहित किसी को भी ठेस पहुंचाने का उनका कोई इरादा नहीं था। वह संवैधानिक पदों का सम्मान करते हैं।' उन्होंने कहा कि कुछ मुद्दों पर धनखड़ के साथ उनके मतभेद हो सकते हैं लेकिन उनके अनादर का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा कि धनखड़ उनके गृह राज्य पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रह चुके हैं और उनकी तरह एक वकील हैं।
लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने धनखड़ से की मुलाकात, जताई चिंता
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ से मुलाकात की और कुछ सांसदों द्वारा उपराष्ट्रपति के संवैधानिक पद का ‘निरादर करने’ को लेकर अपनी चिंता प्रकट की। बिरला ने धनखड़ के साथ अपनी मुलाकात के वीडियो को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया और लिखा, 'संसद परिसर में कुछ माननीय सांसदों द्वारा उपराष्ट्रपति के संवैधानिक पद का निरादर और उपहास करने के मामले में उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति से मिलकर गहरी चिंता और पीड़ा प्रकट की।' उन्होंने कहा, 'स्तब्ध करने वाली बात है कि एक सांसद ने वीडियोग्राफी करके इस निंदनीय कृत्य को बढ़ावा दिया। यह गिरावट का नया स्तर है और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाला कोई भी व्यक्ति इसकी कभी सराहना नहीं कर सकता।'
अपनी बेइज्जती बर्दाश्त लेकिन ये सहन नहीं करूंगा- धनखड़
राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने बुधवार को कहा कि कोई कितनी भी उनकी बेइज्जती कर ले, उसे वह ‘खून के घूंट पी कर’ सहन कर लेते हैं लेकिन वह कभी यह बर्दाश्त नहीं करेंगे कि कोई उपराष्ट्रपति पद की गरिमा को ठेस पहुंचाए। संसद की सुरक्षा में चूक के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग को लेकर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण उच्च सदन की कार्यवाही कई दफा बाधित होने के बाद ग्यारह बजकर 45 मिनट पर पुन: आरंभ हुई तो कांग्रेस के दिग्विजय सिंह ने फिर एक बार विपक्ष की मांग दोहराई। इस पर सभापति धनखड़ ने संसद परिसर में कुछ सांसदों की ओर से ‘अशोभनीय आचरण’ किए जाने की घटना की ओर से इशारा करते हुए कहा कि सिंह को इस बात का अंदाजा भी नहीं है कि उन्हें कितनी पीड़ा हुई है। उन्होंने कहा, 'आपकी चुप्पी मेरी कानों में गूंज रही है... खड़गे जी की चुप्पी मेरी कानों में गूंज रही है... वह नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। सबको पता है कि क्या कुछ हो रहा है। आपको अंदाजा होना चाहिए। अगर कोई व्यक्ति वीडियोग्राफी कर आनंद लेता है, हरकतें करता है, ये संस्कार हैं क्या आपके? यहां तक स्तर आ गया क्या?'
धनखड़ ने आगे कहा, 'दिग्विजय सिंह जी, मेरी बात सुन लीजिए। जगदीप धनखड़ की कितनी बेइज्जती करो, मुझे कोई चिंता नहीं है। भारत के उपराष्ट्रपति की, किसान समाज की, मेरे वर्ग की... नहीं.. मैं पूरी आहुति दे दूंगा हवन में। मैं खुद की परवाह नहीं करता। मेरी बेइज्जती कोई करता है तो मैं सहन करता हूं। खून के घूंट पीता हूं। पर मैं यह बर्दाश्त कभी नहीं करूंगा कि मेरे पद की गरिमा को मैं सुरक्षित नहीं रख पाया। इस सदन की गरिमा को सुरक्षित रखना मेरा काम है। इस पद की गरिमा बनाए रखना मेरा काम है।'
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने उपराष्टपति धनखड़ को दिया जवाब
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को जवाब दिया है। संसद परिसर में की नकल उतारे जाने के मामले में कहा कि अगर मुझे बोलने नहीं दिया जा रहा तो क्या मुझे यह कहना चाहिए कि मैं दलित हूं इस वजह से ऐसा हो रहा है। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को उपराष्ट्रपति धनखड़ को फोन किया और संसद परिसर में कुछ सांसदों की ओर से ‘अशोभनीय आचरण’ करते हुए उनका मजाक उड़ाए जाने पर गहरा दुख व्यक्त किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि संसद परिसर में उप राष्ट्रपति को जिस तरह अपमानित किया गया, उससे वह बेहद व्यथित हैं।
क्या है जगदीप धनखड़ की नकल वाला पूरा विवाद?
संसद की सुरक्षा में सेंध की घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग को लेकर हंगामा करने पर दोनों सदनों के 140 से अधिक विपक्षी सदस्यों को निलंबित कर दिया गया। निलंबन के विरोध में विपक्ष के सांसदों ने मंगलवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया और सदन की ‘मॉक कार्यवाही’ का आयोजन किया था। निलंबित सांसदों ने संसद भवन के द्वार पर धरना दिया। इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा सदस्य कल्याण बनर्जी ने राज्यसभा के सभापति और लोकसभा के अध्यक्ष द्वारा, सदनों की कार्यवाही का संचालन किए जाने की नकल उतारी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, बनर्जी द्वारा कार्यवाही के संचालन की नकल उतारे जाने का मोबाइल फोन से वीडियो बनाते देखे गए।
