Earth Day 2024: पृथ्वी दिवस हर साल 22 अप्रैल को मनाया जाता है और यह वह दिन है जब हम पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों और योजनाओं पर ध्यान केंद्रित करते हैं। विश्व पृथ्वी दिवस 2024 हर साल 22 अप्रैल को मनाया जाने वाला महत्वपूर्ण दिन है और इसमें दुनिया भर में लगभग एक अरब लोगों को जलवायु संकट से निपटने और पर्यावरण की रक्षा के लिए शुरू की जाने वाली गतिविधियों पर फोकस रहता है। इस खास दिन पर हम आपको बता रहे हैं कि ग्लोबल वार्मिंग की वजह से किस तरह धरती लगातार संकट में घिरती जा रही है और इससे सावधान रहना कितना जरूरी है।
ग्लोबल वार्मिंग का खतरा
दुनिया भर के कई इलाकों में भीषण गर्मी
एक नए अध्ययन के अनुसार, दुनिया भर के कई इलाकों में एक साथ अत्यधिक गर्मी पड़ रही है। यह आने वाले दिनों के लिए ये संकेत और चुनौती है। 2023 के मौसम और जलवायु की समीक्षा करने वाले नए शोध में यह भी कहा गया है कि पिछले साल सामने आई कई चरम घटनाएं गर्म होती दुनिया के बारे में पहले की गई भविष्यवाणियों के अनुरूप ही रहीं। सबसे गर्म वर्ष की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए शोधकर्ताओं ने कहा कि साल की शुरुआत में रिकॉर्ड तोड़ने वाले गर्म तापमान और अत्यधिक बारिश वाले चक्रवातों से जुड़ी घटनाएं अधिक हुई हैं।
लगातार आ रहे मौसमी बदलाव
शोधकर्ता लगातार मौसमी बदलाव भी देख रहे हैं। जर्नल एडवांस इन एटमॉस्फेरिक साइंस में प्रकाशित अध्ययन में यूके में मौसम कार्यालय के रॉबिन क्लार्क सह-लेखक ने कहा कि हम उन मौसमों में चरम स्थितियों को देख रहे हैं जिनमें आमतौर पर उनकी संभावना कम होती है। उदाहरण के लिए, हीटवेव दक्षिण-पश्चिमी यूरोप, ब्राजील, मोरक्को और दक्षिण अफ्रीका में वसंत 2023 में दिखाई दीं। शोधकर्ताओं ने कहा कि इसके अलावा दुनिया भर के कई क्षेत्र एक साथ अत्यधिक गर्मी का अनुभव कर रहे हैं। ये आने वाले समय के लिए खतरनाक स्थिति है। उत्तरी अमेरिका, दक्षिणी यूरोप, उत्तरी अफ्रीका और एशिया के कई क्षेत्रों में पिछले साल जुलाई के महीने में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी का सामना किया गया।
चरम मौसमी घटनाएं भविष्य में बदलाव का संकेत
टीम ने यह भी पाया कि तीव्र चक्रवातों ने सितंबर में लीबिया में बाढ़ और जुलाई 2023 में उत्तरी चीन में बाढ़ जैसी घटनाओं को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं में बढ़ोतरी भी ग्लोबल वार्मिंग के भविष्य के बारे में अनुमानों को सच साबित कर रही है। संस्थान के वेन्क्सिया झांग ने कहा, 2023 की कई घटनाएं गर्म होती दुनिया में अनुमानित भविष्य के बदलावों के अनुरूप हैं, जो आने वाली चुनौतियों को दर्शाती हैं। इनमें से कुछ घटनाएं हैरान करने वाली थीं, जो बताती हैं कि अभी भी बहुत कुछ सामने आना बाकी है।
