AICWA Gives Ultimatum To Netflix: भारत में ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स इन दिनों लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस बार विवाद पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं उन्हें साथ समेट लो' (Jo Bachay Hain Sang Samait Lo) से जुड़ा है। इस सीरीज में फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर और हमजा अली अब्बासी जैसे फेमस पाकिस्तानी एक्टर्स नजर आने वाले हैं। इस सीरीज को लेकर ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने नेटफ्लिक्स को कड़ी चेतावनी दी है। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने प्लेटफॉर्म को अल्टीमेटम देते हुए बॉयकॉट और नेटफ्लिक्स के ऑफिस के बाहर प्रदर्शन करने के लिए कहा है।
नेटफ्लिक्स की 'जो बचे हैं उन्हें साथ समेट लो' सीरीज को लेकर भारत में बढ़ा विवाद (Pic Credit: Instagram)
(टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: फ्लॉप-एवरेज फिल्में देने के किंग हैं Ayushmann Khurrana, 'ये प्रेम मोल लिया' बचाएगी डूबती हुई नैया)
एआईसीडब्लूए ने नेटफ्लिक्स को दिया अल्टीमेटम
ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने नेटफ्लिक्स से मांग करते हुए कहा है कि पाकिस्तानी सीरीज 'जो बचे हैं उन्हें साथ समेट लो' को 4 दिसंबर 2026 से पहले अपने भारतीय प्लेटफॉर्म से हटा दे। एसोसिएशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए साफ चेतावनी दी कि अगर नेटफ्लिक्स ने उनका कहना नहीं माना तो संगठन के सदस्य कंपनी के ऑफिस का घेराव करेंगे।
इसके अलावा ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने नेटफ्लिक्स का बहिष्कार करने और सब्सक्रिप्शन कैंसिल करने की अपील भी की है। संगठन का कहना है कि भारत में आतंकवाद से जुड़े मुद्दों पर किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। एआईसीडब्लूए ने अपने बयान में हाफिज सईद का जिक्र करते हुए कहा कि वह मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमले से जुड़े आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का संस्थापक है। संगठन ने सवाल उठाया है कि ऐसे विवादित बयानों से जुड़े कलाकारों को भारतीय दर्शकों को दिखाने का निर्णय नेटफ्लिक्स कैसे ले सकता है।
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने भी नेटफ्लिक्स को दी चेतावनी
ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन के अलावा फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने भी पाकिस्तानी सीरीज का भारत में रिलीज का विरोध किया है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज प्रतिनिधि अशोक पंडित ने कहा है कि इस सीरीज को भारतीय दर्शकों के लिए स्ट्रीम नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने पाकिस्तान के रवैये और सीरीज में शामिल कुछ कलाकारों के पुराने बयानों को अपनी आपत्ति की वजह बताया।
