मुंबई. टीवी सीरियल 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' और 'ससुराल सिमर का' की एक्ट्रेस वैशाली ठक्कर (Vaishali Takkar Death) ने आत्महत्या कर ली है। वैशाली ने इंदौर स्थित अपने घर पर फांसी लगा ली है। वैशाली की मौत से टीवी इंडस्ट्री में उनके करीबी सदमे में है। वैशाली दिवंगत बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की दोस्त थीं। साल 2020 में उन्होंने सुशांत की आत्महत्या पर सवाल उठाए थे और इसे मर्डर बताया था। वैशाली ने कहा था कि सुशांत सिंह राजपूत के असली हत्यारे रिया चक्रवर्ती के पीछे छिप रहे हैं।
Vaishali Takkar, Sushant Singh Rajput
Spotboye से बातचीत में वैशाली ने कहा था, 'सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) से मेरी पहली मुलाकात प्रोडक्शन हाउस के ऑफिस में हुई थी। मैं अपने टीवी शो के लिए वहां पर गई थीं। वह अपनी फिल्म के कारण वहां आया हुआ था। हमारे बातचीत हुई और एक दूसरे को इंस्टाग्राम पर फॉलो किया। एक दिन वह सोशल मीडिया के जरिए केरल के लिए फंड जुटा रहा था, मैं भी अपना योगदान देना चाहती थीं। मैंने उसे पर्सनल मैसेज भेजा। उसने मुझे दवाइयों का इंतजाम करने के लिए कहा। जब मैंने कर दिया तो उसने मेरी तारीफ करते हुए एक लंबा मैसेज भेजा। एक दिन उन्होंने मुझे देखा और कहा आप बहुत अच्छी अदाकारा हैं।'
जिंदगी का महत्व समझते थे सुशांत
वैशाली ने बातचीत में आगे कहा, 'सुशांत ऐसा व्यक्ति था, जो दूसरो की जिंदगी बचाना चाहता था। इसका मतलब है कि वह जिंदगी के महत्व को समझता था। जो व्यक्ति जिंदगी के महत्व को समझता है, वह सुसाइड के जरिए अपनी जिंदगी कैसे खत्म कर सकता है? मुझे ये मर्डर लग रहा है लेकिन, उस आदमी ने अच्छे कर्म किए थे, इस कारण आरोपी इतनी आसानी से बच निकलकर नहीं जा सकते हैं। यही वजह है कि इतनी सारी चीजें अब बाहर निकलकर आ रही है और पूरी दुनिया उनके लिए लड़ रही है।'
रिया चक्रवर्ती पर लगाया था ये आरोप
वैशाली ने सुशांत की मौत पर सवाल उठाते हुए कहा था, 'शव की फोटोज, जो उनकी मृत्यु के कुछ देर बाद ही सोशल मीडिया पर वायरल हुई मेरे पास भी पहुंची थी। मेरी उसे देखने की हिम्मत नहीं हुई। मैं उसकी मौत से इतनी परेशान थी कि दो-तीन दिन तक रोती रही थीं। मैं ये स्वीकार नहीं कर पा रही थी। लोगों ने जब कहा कि उसका मर्डर हुआ है, शरीर में निशान देखिए तब मैंने उन निशान को करीब से देखा। मुझे लगा कुछ तो गड़बड़ है। पहले मूवी माफियाओं पर आरोप लगाया गया लेकिन, अब रिया चक्रवर्ती का सच सामने आ रहा है।'
वैशाली से पूछा गया था कि क्या रिया चक्रवर्ती इसके लिए जिम्मेदार है तो उन्होंने कहा था कि, 'ये एक टीमवर्क है। केवल एक ही शख्स ने ऐसा नहीं किया होगा। इसमें कई लोग शामिल हो सकते हैं। मुझे लगता है कि असली आरोपी रिया के पीछे छिप रहे हैं। सुशांत को इस हद तक पहुंचाने के लिए रिया जिम्मेदार हैं ताकि लोगों को आसानी से विश्वास हो जाए कि सुशांत ने सुसाइड की थी।'
