Sana Khan Shares Video Post One Month Of Mother's Death: टीवी और बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस रह चुकीं सना खान अक्सर अपने अंदाज के कारण सुर्खियों में रहती हैं। सना खान ने टीवी इंडस्ट्री को भले ही अलविदा कह दिया है, लेकिन आज भी वह किसी न किसी वजह से चर्चा में आ ही जाती हैं। बीते महीने सना खान पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा था। उनकी मां का निधन हो गया था, जिससे सना खान और उनके परिवार को काफी झटका लगा। वहीं मां के निधन के करीब एक महीने बाद सना खान (Sana Khan) ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह नम आंखों के साथ फैंस को शुक्रिया कहती नजर आईं।
फोटो क्रेडिट- सना खान इंस्टाग्राम
यह भी पढ़ें: Sana Khan ने बेटे और पति पर हमला करने वाले ट्रोल्स को लगाई लताड़, बोलीं- देश किस दिशा में जा रहा है...
सना खान (Sana Khan) ने वीडियो के कैप्शन में टूटा हुआ दिल शेयर किया। एक्ट्रेस ने वीडियो के शुरुआत में फैंस को सलाम किया और कहा, "आज 26 तारीख है और आज एक महीना मेरी अम्मी के इंतकाल (निधन) को हो चुका है। मेरा वीडियो बनाने का सबसे बड़ा मकसद ये है कि मैं आप लोगों का शुक्रिया कह सकूं। मैं आप सभी की शुक्रगुजार हूं। आप सबने मेरी अम्मी के लिए इतनी दुआएं कीं, उनकी मगफिरत के लिए, इतने मैसेज किये। पता नहीं किस-किसने किया, जिसे मैं जानती भी नहीं हूं। मेरे शौहर के फोन पर भी पता नहीं दुनिया के किस-किस कोने से मैसेज आए।"
सना खान (Sana Khan) यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने फैंस का शुक्रिया कहते हुए आगे कहा, "बहुत सारे लोगों ने मेरी अम्मी के लिए सवाब भेजा। इस मौके पर मुझे एहसास हुआ कि इंसान को अल्लाह की तरफ जाना और दीन को समझना कितना जरूरी है। जाहिर सी बात है, मां की कमी कोई पूरा नहीं कर सकता। बस मैं चाहती हूं कि अब मैं अम्मी के लिए आखिरत का जरिया बनूं। ऐसे नेक और अच्छे काम करूं, जिसका सवाब मेरी अम्मी की कब्र में पहुंचे। सलाम।"
