Hina Khan To Join Colors New Reality Show With Boyfriend Rocky Jaiswal: टीवी की चर्चित एक्ट्रेस हिना खान ने 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' की अक्षरा बनकर लोगों का खूब दिल जीता है। हिना खान ने घर-घर में अपनी पहचान बनाई, साथ ही बॉलीवुड में भी हाथ आजमाया। हिना खान आखिरी बार सीरीज 'गृह लक्ष्मी' में नजर आई थीं, जिसमें उन्होंने चंकी पांडे और राहुल देव जैसे सितारों के साथ मुख्य भूमिका अदा की थी। हिना खान (Hina Khan) लंबे वक्त से टीवी से दूर हैं। लेकिन खबर आ रही है कि एक्ट्रेस जल्द ही छोटे पर्दे पर धमाकेदार वापसी कर सकती हैं। खास बात तो यह है कि इस बार हिना खान के साथ-साथ उनके बॉयफ्रेंड रॉकी जैसवाल भी छोटे पर्दे पर नजर आएंगे।
यह भी पढ़ें: कोरिया टूरिज्म की ब्रांड एम्बेसडर बनी हिना खान, इवेंट में एक्ट्रेस के नए लुक ने लगाए चार चांद
यूं तो हिना खान (Hina Khan) ने बॉयफ्रेंड रॉकी जैसवाल के साथ 'सेलिब्रिटी मास्टरशेफ' में कदम रखा था। लेकिन उस शो में वे मेहमान बने थे। वहीं अब जल्द ही हिना खान बॉयफ्रेंड रॉकी जैसवाल के साथ कलर्स टीवी के नए रियलिटी शो का हिस्सा बन सकती हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हिना खान और रॉकी जैसवाल कलर्स के नए रियलिटी शो 'शोला और शबनम' का हिस्सा होंगे, जो कि स्टार प्लस के 'स्मार्ट जोड़ी' जैसा होगा। इस शो में सेलिब्रिटी कपल कदम रखेंगे और बाकी जोड़ियों से मुकाबला करेंगे। 'शोला और शबनम' में जोड़ियों को साथ में टास्क परफॉर्म करते हुए अपने तालमेल, भरोसे और समझ की परीक्षा देनी होगी।
'शोला और शबनम' से जुड़े करीबी सूत्रों का कहना है कि मेकर्स हिना खान (Hina Khan) और उनके बॉयफ्रेंड रॉकी जैसवाल को शो का हिस्सा बनाना चाहते हैं। मेकर्स संग उनकी बातचीत भी जारी है। अगर चीजें सही जाती हैं तो दर्शकों को हिना खान और रॉकी जैसवाल को साथ में छोटे पर्दे पर देखने का मौका मिलेगा। हालांकि इस मामले पर अभी तक कुछ भी आधिकारिक रूप से नहीं कहा जा सकता है।
