Divyanka Tripathi House Caught Fire: टीवी एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी दहिया और पति विवेक दहिया अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। शादी के 10 साल बाद कपल के घर जुड़वा बेटों का जन्म हुआ। कुछ दिनों पहले ही दिव्यांका और विवेक ने अपने दोनों बेटों का नाम रिवील किया। कपल ने पहले बेटे का नाम दैविक और दूसरे का नाम वैद्विक रखा। इस बीच सोशल मीडिया पर कपल ने पोस्ट शेयर के एक ऐसी खबर सुनाई जिसे सुन फैंस का दिल दहल गया। दरअसल एक्ट्रेस की बिल्डिंग में आग लग गई, जिसके चलते उन्होंने एक करीबी शख्स को खो दिया। इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर दिव्यांका ने आपबीती सुनाई। (टाइम्स नाउ नवभारत हिंदी पर ये भी पढ़ें: Divyanka Tripathi-Vivek Dahiya ने जुड़वा बेटों के नाम से उठाया पर्दा)
दिवाली पर लगी आग, दिव्यांका ने खोया करीबी इंसान/फोटो क्रेडिट- इंस्टाग्राम
दिव्यांका त्रिपाठी-विवेक दहिया का पोस्ट
इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर दिव्यांका ने जानकारी दी कि दिवाली के कुछ दिन पहले उनकी बिल्डिंग में आग लगी, जिसके चलते सिक्युरिटी गार्ड धनपत का निधन हो गया। दिव्यांका ने आग और धनपत की तस्वीर शेयर कर कैप्शन में लिखा, 'कुछ दुख ऐसे होते हैं, जो जिंदगी में एक ऐसी खामोशी छोड़ जाते हैं, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। जब हम पहली बार अपने दोनों बच्चों को घर लेकर आए थे, तो उन्हें आशीर्वाद देने और प्यार से स्वागत करने वाले लोगों में हमारे बिल्डिंग के गार्ड धनपत अंकल भी थे। हमने कभी सोचा था कि आने वाले सालों में वो हमारे बच्चों को बड़ा होते देखेंगे, बच्चे उनके साथ खेलेंगे और उनके साथ न जाने कितनी खूबसूरत यादें बनेंगी। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। हमने कभी नहीं सोचा था कि ये सारे सपने सिर्फ सपने बनकर रह जाएंगे। दिवाली से ठीक एक रात पहले हमारी बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। उस शाम हमें बाहर जाना था, लेकिन किसी न किसी वजह से हमारा निकलना टलता रहा। शायद यही वजह थी कि हादसे के वक्त हम घर पर मौजूद थे और समय रहते खतरे को भांपकर अपने बच्चों, परिवार और स्टाफ के साथ सुरक्षित बाहर निकल पाए। शुरुआत में हमें लगा कि इस हादसे में बस कुछ सामान का नुकसान हुआ है और एक डरावनी याद हमारे साथ रह गई है। लेकिन फिर हमें धनपत अंकल के बारे में पता चला। (टाइम्स नाउ नवभारत हिंदी पर ये भी पढ़ें: Bigg Boss 20: Arishfa Khan-लव गिल में हुई धक्का-मुक्की)
दिव्यांका त्रिपाठी को लगा झटका
दिव्यांका आगे लिखती हैं, 'मैं और विवेक इस खबर को मानने के लिए तैयार ही नहीं थे। हम अपने एक दोस्त के घर पर थे और लगातार यही उम्मीद कर रहे थे कि काश ये खबर सच न हो। दिवाली के दौरान धीरे-धीरे बिल्डिंग की बिजली बहाल हुई। दिवाली के अगले दिन सुरक्षा जांच के बाद गैस सप्लाई और लिफ्ट भी शुरू हो गईं। लेकिन इन सबके बावजूद जिंदगी पहले जैसी नहीं रही। हमारी पूरी विंग में जैसे सन्नाटा छा गया था। वजह सिर्फ बिल्डिंग को हुआ नुकसान नहीं, बल्कि एक अनमोल जिंदगी का चले जाना था। उस आग ने दिवाली पर हमारे घर की रोशनी तो कम कर दी, लेकिन धनपत अंकल को खोने का जो दर्द मिला, उसने हमारे दिल में ऐसा अंधेरा कर दिया, जिसे कोई रोशनी दूर नहीं कर सकती। इस हादसे के बारे में बात करने और अपने जज्बातों को शब्दों में बयां करने में हमें काफी वक्त लगा।'
धनपत अंकल, आप हमारे लिए सिर्फ बिल्डिंग के गार्ड नहीं थे। आप हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का एक अहम हिस्सा थे। आप पर हमें भरोसा था और हमने तो अपने बच्चों के आने वाले कल में भी आपको शामिल देखा था। हम आपको बहुत याद करेंगे। जब हमारे दोनों बेटे बड़े होंगे, तो हम उन्हें आपके बारे में जरूर बताएंगे। उस नेकदिल इंसान के बारे में, जिसने घर आते ही उन्हें अपना आशीर्वाद दिया था और जो हमारी जिंदगी का इतना अहम हिस्सा बन गए थे आपने हमें एक बहुत बड़ी सीख दी है कि जिंदगी में किसी भी इंसान की मौजूदगी को कभी हल्के में नहीं लेना चाहिए, क्योंकि हमें नहीं पता कि कौन-सा पल आखिरी बन जाए।
