Dipika Kakar And Shoaib Ibrahim Celebrates Eid-Ul-Adha Together: टीवी की मशहूर एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ ने अपनी एक्टिंग और अंदाज से लोगों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। दीपिका कक्कड़ और शोएब इब्राहिम टीवी की सबसे लोकप्रिय और चहेती जोड़ियों में शामिल हैं। लेकिन इन दिनों दीपिका कक्कड़ मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। एक्ट्रेस को लिवर कैंसर हो गया है, जिसकी जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर दी थी। चंद दिनों पहले दीपिका कक्कड़ की सर्जरी भी हुई, जो कि 14 घंटों तक चली थी। बीते दिन शोएब इब्राहिम (Shoaib Ibrahim) ने बताया था कि दीपिका कक्कड़ (Dipika Kakar) आईसीयू से बाहर आ चुकी हैं और अब उनकी तबीयत पहले से बेहतर है। दीपिका कक्कड़ अभी भी अस्पताल में हैं और उनके साथ-साथ शोएब इब्राहिम ने भी अस्पताल में ही ईद-उल-अदहा मनाई।
यह भी पढ़ें: Exclusive: दीपिका कक्कड़ को हुए लिवर कैंसर से टूटा इस को-स्टार का दिल, बोले- जितना मैं उन्हें जानता हूं वो...
शोएब इब्राहिम (Shoaib Ibrahim) ने दीपिका कक्कड़ (Dipika Kakar) के साथ एक फोटो इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा की, जिसमें दोनों का हाथ नजर आया। फोटो में दीपिका कक्कड़ और शोएब इब्राहिम ने एक-एक लिफाफा पकड़ा हुआ था जो कि कुछ और नहीं बल्कि एक्टर के पिता से कपल को मिली हुई ईदी थी। शोएब इब्राहिम ने फोटो साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, "दीपि और मेरे लिए पापा की तरफ से ईदी आई है। आप सभी को ईद मुबारक।"
बता दें कि शोएब इब्राहिम (Shoaib Ibrahim) ने अपने व्लॉग में ही अपडेट दे दिया था कि वह और दीपिका कक्कड़ (Dipika Kakar) इस साल बकरीद अस्पताल में ही मनाएंगे। इससे इतर एक्ट्रेस की बीमारी की बात करें तो दीपिका कक्कड़ के लिवर में ट्यूमर हुआ था, जिसका आकार करीब टेनिस बॉल जितना बड़ा था। लेकिन जांच में सामने आया कि दीपिका कक्कड़ को स्टेज 2 लिवर कैंसर हुआ है। दीपिका कक्कड़ को हुई इस बीमारी ने फैंस के साथ-साथ टीवी स्टार्स को भी झटका दिया। हर किसी ने दीपिका के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना की।
