Bigg Boss 20: टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस माही विज इन दिनों 'बिग बॉस 20' में अपने गेम को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं। माही विज टीवी की दुनिया में कई सालों से एक्टिव हैं और अपनी दमदार एक्टिंग के लिए जानी-जाती हैं। हालांकि बहुत कम लोग जानते हैं कि टीवी पर नाम कमाने से पहले वह फिल्मों और म्यूजिक वीडियोज में भी काम कर चुकी हैं। अब बिग बॉस 20 के घर में माही विज ने अपने करियर से जुड़ा एक ऐसा खुलासा किया है, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। माही विज ने बताया कि उन्हें फिल्म 'युवा' का ऑफर मिला था। (टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें: बॉलीवुड के लिए खास है 2026, 'Daayra' सहित इन फिल्मों का है इंतजार)
माही विज-करीना कपूर खान (Pic Credit: Instagram)
करीना कपूर के रोल के लिए हुई थीं सिलेक्ट
'बिग बॉस 20' के 10वें एपिसोड में माही विज ने कनिका मान के साथ बातचीत करते हुए यह खुलासा किया। उन्होंने कहा कि मुंबई आने के बाद उन्हें साल 2002 में 'तू तू है वही' जैसे म्यूजिक वीडियो में काम करने का मौका मिला। इसके बाद उन्होंने लगातार कई हिट म्यूजिक वीडियोज में काम किया। माही ने बताया कि म्यूजिक वीडियोज के बाद उन्होंने साउथ फिल्मों में भी काम किया। वह प्रभुदेवा और ममूटी जैसे बड़े कलाकारों के साथ काम कर चुकी हैं। इसी दौरान उन्हें मणिरत्नम की फिल्म 'युवा' का ऑफर भी मिला था।
माही विज ने बताया कि उन्हें करीना कपूर खान के रोल के लिए चुना गया था। इस मूवी में वो विवेक ओबेरॉय के अपोजिट नजर आने वाली थीं। उन्होंने बताया कि किसी के साथ उनकी इक्वेशन खराब होने के बाद यह प्रोजेक्ट उनके हाथ से निकल गया और उन्हें वापस मुंबई आना पड़ा। (टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें: 'Hanuman Ansh' पर धामी सरकार का बड़ा ऐलान, उत्तराखंड में हुई टैक्स फ्री)
माही विज ने आगे कहा कि उनके हाथ से 2 से 3 फिल्में निकलने के बाद एक्ट्रेस ने टीवी का रुख किया। हालांकि जब माही ने छोटे पर्दे पर कदम रखा तो उन्हें फैन्स ने काफी पसंद किया और वह घर-घर में पहचानी जाने लगीं। उन्होंने 'लागी तुझसे लगन' में नकुशा का किरदार निभाकर दर्शकों के बीच खास जगह बनाई। इसके अलावा वह 'बालिका वधू' में नंदिनी शेखावत के रोल में भी नजर आईं। माही 'झलक दिखला जा 4' का हिस्सा रह चुकी हैं।
