Arjun Bijlani Latest Video Starts Bigg Boss 19 Speculation: टीवी के चर्चित एक्टर अर्जुन बिजलानी ने अपनी एक्टिंग और अंदाज से इंडस्ट्री में जबरदस्त पहचान बनाई है। अर्जुन बिजलानी ने अपने करियर में कई हिट टीवी शोज किये हैं, वहीं आखिरी बार उन्हें 'लाफ्टर शेफ्स' में देखा गया था। लेकिन हाल ही में अर्जुन बिजलानी ने एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह अपने फैसले का जिक्र करते नजर आए। अर्जुन बिजलानी वीडियो में कहते दिखे कि उन्होंने कभी सोचा नहीं था कि वो ऐसा फैसला करेंगे। अर्जुन बिजलानी (Arjun Bijlani) के इस वीडियो ने फैंस और उनके दोस्तों को हैरान तो किया ही। साथ ही वीडियो को देख उनके 'बिग बॉस 19' में कदम रखने की अटकलें लगनी भी शुरू हो गईं।
फोटो क्रेडिट- अर्जुन बिजलानी, जियो हॉटस्टार इंस्टाग्राम
अर्जुन बिजलानी (Arjun Bijlani) अपने वीडियो में बेहद गंभीर रूप में नजर आए। उन्होंने वीडियो में कहा, "हेलो दोस्तों, जब भी जिंदगी में कुछ होता है तो मैं आप लोगों से साझा करता हूं। और अब भी जब इतना कुछ हो रहा है तो मैंने सोचा कि मुझे आप लोगों को बताना चाहिए। पहले तो मैं आप लोगों का शुक्रिया कहूंगा, हमेशा मेरे और मेरे परिवार के लिए रहने के लिए। आप लोग जानते हैं कि मेरे लिए मेरा परिवार कितना जरूरी है। खासकर मेरे बच्चे और मेरी बीवी, जो हर चीज में मेरे साथ रहे हैं। लेकिन कुछ परिस्थितियों के कारण मुझे अलग रास्ता चुनना पड़ रहा है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं ऐसा कभी करूंगा। लेकिन मैंने सोचा कि आप लोगों को कहीं और से पता चले, इससे पहले मैं ही बता दूं।"
अर्जुन बिजलानी (Arjun Bijlani) यहीं नहीं रुके। उन्होंने अपने वीडियो में आगे कहा, "कभी-कभी जिंदगी में ऐसी परिस्थिति होती है कि आपको मुश्किल फैसला करना पड़ता है और मैंने किया है। तो ये है और हमेशा मेरे साथ रहने के लिए शुक्रिया। मैं अनुरोध करूंगा कि कुछ भी अटकलें न लगाएं। जो कुछ भी होगा, मैं जल्द बताऊंगा।" अर्जुन बिजलानी का ये वीडियो देख एक्ट्रेस कीश्वर मर्चेंट ने लिखा, "बिग बॉस?" दूसरे यूजर ने लिखा, "मुझे लगता है कि तुम बिग बॉस में जा रहे हो। पत्नी और बच्चे के बगैर रहना होगा इसलिए ऐसे बोल रहे हो।" तीसरे यूजर ने सवाल करते हुए लिखा, "बिग बॉस में एंट्री कर रहे हो?"
