साउथ सिनेमा के सुपरस्टार पवन कल्याण ने आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव 2024 में धुआंधार जीत हासिल की है। जिसके बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसेना पार्टी के प्रमुख और मशहूर तेलगू अभिनेता पवन कल्याण की तारीफ की है।
PM Modi praised Pawan Kalyan
पवन नहीं आंधी हैं
हाल ही में संसद भवन में आयोजित एनडीए के घटक दलों की बैठक थी। उसी दौरान मोदी ने पवन कल्याण की तारीफों के पुल बांध दिए। पीएम ने जिस समय यह बात बोली पवन कल्याण उस समय मंच पर ही बैठे हुए थे। अब पीएम मोदी का ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। बीजेपी ने 18वीं लोकसभा चुनाव के लिए आंध्र प्रदेश में जनसेना और टीडीपी से हाथ मिलाया है। बता दें इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोल रहे हैं कि ''यहां जो दिख रहा है ना पवन, वो पवन नहीं आंधी हैं।'' इस बात को सुनकर पवन कल्याण काफी ज्यादा खुश हो जाते हैं।
पवन कल्याण का भव्य स्वागत
हाल ही में पवन कल्याण का एक और वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें भाई चिरंजीवी ने अभिनेता-राजनेता का भव्य स्वागत किया है। इस वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पवन कल्याण अपनी कार से बाहर निकलते हैं और उनका स्वागत गुलाब की पंखुड़ियों से किया जाता है। इसके बाद पवन मुस्कुराते है और बहुत ज्यादा भावुक हो जाते हैं। राम चरण को गले लगाते हैं। बाद में घर की महिलाएं पवन को पारंपरिक तरीके उनका स्वागत करती हैं और बधाई देती हैं।
इन फिल्मों में नजर आएंगे पवन
पवन कल्याण की आने वाली गैंगस्टर एक्शन फिल्म ' दे कॉल हिम ओजी' रिलीज के लिए भी तैयार हैं, जिसका निर्देशन सुजीत कर रहे हैं। इस फिल्म में इमरान हाशमी, प्रियंका मोहन, अर्जुन दास, प्रकाश राज और कई अन्य कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म इस साल 27 सितंबर को रिलीज होने वाली है। इसके अलावा, वह क्रिश जगरलामुडी और एएम ज्योति कृष्णा द्वारा निर्देशित पीरियड एक्शन फिल्म हरि हर वीरा मल्लू का भी हिस्सा हैं। इस फिल्म के दो पार्ट होंगे। फिल्म में बॉबी देओल, निधि अग्रवाल, विक्रमजीत विर्क, नरगिस फाखरी और कई अन्य महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। हरि हर वीरा मल्लू इस साल के अंत में रिलीज होने की उम्मीद है।
