मलयालम सिनेमा ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया है, जिन्होंने कैमरे के पीछे रहकर कई फिल्मों को यादगार बनाया। सुपरस्टार मोहनलाल की 'पुलिमुरुगन' से लेकर 'थुडारम' तक में अपनी सिनेमैटोग्राफी का हुनर दिखाने वाले शाजी कुमार (Shaji Kumar) अब हमारे बीच नहीं रहे। 57 साल की उम्र में उनके निधन की खबर से पूरी मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उन्होंने अपने लंबे करियर में 50 से ज्यादा फिल्मों के लिए काम किया और कई बड़े निर्देशकों के साथ अपनी अलग पहचान बनाई। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Daayra OTT Release: करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन की फिल्म इस दिन Netflix पर होगी रिलीज, जानें पूरी डिटेल)
शाजी कुमार का निधन (pic credit-instagram)
फिल्म की शूटिंग के दौरान बिगड़ी तबीयत
शाजी कुमार मंगलवार, 10 नवंबर को अलप्पुझा में थे। वह अभिनेता दिलीप की आने वाली फिल्म की शूटिंग के लिए वहां पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान उनकी हालत में कुछ सुधार भी हुआ था, लेकिन बाद में फिर से उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनका निधन हो गया। उनके जाने से फिल्म जगत के कलाकारों और तकनीकी टीमों को बड़ा झटका लगा है। FEFKA डायरेक्टर्स यूनियन ने भी उनके निधन पर दुख जताया और मलयालम सिनेमा में उनके योगदान को याद किया।
50 से ज्यादा फिल्मों में दिखाया अपना हुनर
तिरुवनंतपुरम में जन्मे शाजी कुमार ने अपने करियर की शुरुआत मशहूर सिनेमैटोग्राफर विपिन मोहन के सहायक के तौर पर की थी। इसके बाद साल 2001 में फिल्म 'उथमन' से उन्होंने बतौर सिनेमैटोग्राफर अपनी अलग पहचान बनाने की शुरुआत की। धीरे-धीरे वह मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने नाम बन गए। उनके करियर की खास फिल्मों में 'नारन', 'पुलिमुरुगन', 'ओडियन', 'मधुरा राजा', 'पोक्किरी राजा', 'नस्रानी', 'रामलीला', 'इट्टीमानी: मेड इन चाइना' और 'थुडारम' शामिल हैं। मोहनलाल की फिल्म 'पुलिमुरुगन' उनके करियर की सबसे खास फिल्मों में से एक रही। यह दुनिया भर में 100 करोड़ रुपये की कमाई करने वाली पहली मलयालम फिल्म बनी थी। शाजी कुमार का काम आने वाले समय में भी उनकी फिल्मों के जरिए याद किया जाएगा।
