साउथ के जाने-माने स्टार विजय देवरकोंडा (Vijay Deverakonda) इन दिनों मुश्किल में फंसते हुए नजर आ रहे हैं। एक्टर के खिलाफ एससी/एसटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। बता दें रेट्रो के प्री-रिलीज इवेंट के दौरान आदिवासी लोगों के बारे में उनकी टिप्पणी विवाद का कारण बन गई है। आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या कहा।
Vijay Deverakonda
पुलिस अधिकारी ने बताया, "एक्टर ने अप्रैल में टिप्पणी की थी। हालांकि, शिकायत के आधार पर 17 जून को उनके खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।" शिकायत अशोक राठौड़ ने दर्ज कराई है, जो आदिवासी समुदायों की संयुक्त कार्रवाई समिति के राज्य अध्यक्ष हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म रेट्रो के प्री-रिलीज इवेंट के दौरान एक्टर ने ऐसे बयान दिए जिससे आदिवासी समुदायों की भावनाओं को ठेस पहुंची और गंभीर अपमान हुआ।
एक्टर ने दिया विवादित बयान
राठौड़ ने कहा कि एक्टर द्वारा आदिवासी लोगों की पाकिस्तानी आतंकवादियों से तुलना करना सही नहीं था। एक्टर ने कहा था-"कश्मीर में जो कुछ भी हो रहा है उसका समाधान आतंकवादियों को शिक्षित करना और यह सुनिश्चित करना है कि उनका ब्रेनवॉश ना हो। उन्हें क्या हासिल होगा? कश्मीर भारत का है और कश्मीरी हमारे हैं। भारत को पाकिस्तान पर हमला करने की भी जरूरत नहीं है क्योंकि पाकिस्तानी खुद अपनी सरकार से तंग आ चुके हैं और अगर ऐसा ही चलता रहा तो वे उन पर हमला करेंगे। वे 500 साल पहले आदिवासियों की तरह व्यवहार करते हैं, बिना कॉमन सेंस के लड़ते हैं।
एक्टर ने दी थी सफाई
ऐसा कमेंट करने के बाद एक्टर को लोगों ने जमकर ट्रोल किया था। जिसके बाद एक्टर ने कहा था कि- "मैंने जो टिप्पणी की थी, उससे कुछ लोगों में चिंता पैदा हो गई है। मैं ईमानदारी से स्पष्ट करना चाहता हूं किसी भी समुदाय, विशेष रूप से हमारे अनुसूचित जनजातियों को चोट पहुंचाने या लक्षित करने का बिल्कुल भी इरादा नहीं था, जिनका मैं गहराई से सम्मान करता हूं और उन्हें हमारे देश का अभिन्न अंग मानता हूं।"
