Punjabi Singer Rajvir Jawanda Dies At The Age Of 35: पंजाब के मशहूर सिंगर राजवीर जवंदा को लेकर चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। राजवीर जवंदा का निधन हो गया है, जिससे पूरी पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। राजवीर जवंदा के निधन से फैंस को भी झटका लगा है। राजवीर का 11 दिन पहले यानी 27 सितंबर को भयंकर रोड एक्सीडेंट हो गया था। इस हादसे के बाद अस्पताल में उनकी हालत काफी गंभीर हो गई थी। एक्सीडेंट के राजवीर जवंदा को हार्ट अटैक तो आया ही था, साथ ही ब्रेन डैमेज भी हो गया था। वहीं बुधवार की सुबह राजवीर जवंदा (Rajvir Jawanda) ने आखिरी सांसें लीं।
फोटो क्रेडिट- राजवीर जवंदा इंस्टाग्राम
राजवीर जवंदा (Rajvir Jawanda) का 27 सितंबर को हिमाचल प्रदेश के बद्दी के पास एक्सीडेंट हो गया था। बताया जा रहा है कि राजवीर शिमला जा रहे थे, लेकिन अचानक गाड़ी के सामने मवेशियों के आने के कारण राजवीर का उनकी बाइक से नियंत्रण खो गया, जिससे उनके साथ भयंकर हादसा हो गया। इस एक्सीडेंट में राजवीर जवंदा को सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आईं। सिंगर को तुरंत सोलन के पास मौजूद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें दिल का दौड़ा पड़ा। डॉक्टर्स का कहना था कि लगातार मेडिकल केयर के बाद भी राजवीर जवंदा की हालत में कोई खास सुधार नजर नहीं आ रहा था।
बता दें कि राजवीर जवंदा (Rajvir Jawanda) को उनके गानों के लिए खूब पसंद किया जाता था। 'सरनेग', 'कमला', 'मेरा दिल' और 'सरदारी' जैसे गानों से राजवीर जवंदा ने लोगों का खूब दिल जीता था। इसके साथ ही उन्होंने कई फिल्मों में अपनी एक्टिंग का जादू भी बिखेरा था, जिसमें 'जिंद जान', 'मिंडो तसीलदारनी' और 'काका जी' जैसी मूवीज शामिल हैं। उन्होंने साल 2014 में 'मुंडा लाइक मी' से अपनी म्यूजिकल जर्नी की शुरुआत की थी। राजवीर जवंदा का जन्म पंजाब के लुधियाना में हुआ था। लेकिन वह अपने परिवार के साथ मोहाली सेक्टर 71 में रहते थे। बता दें कि वह शादीशुदा थे और उनके दो छोटे बच्चे भी हैं।
