पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री एक वक्त केवल गानों के लिए मशहूर थी लेकिन बीते कुछ सालों में पंजाबी फिल्मों ने देश और दुनिया में खास जगह बनाई है। पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री ने बीते कुछ सालों में कई एक्ट्रेसेस दी हैं, जो बॉलीवुड में भी जलवा बिखेर रही हैं। यही कारण है कि पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में भी जगह बनाने के लिए कई लड़कियों के बीच में दौड़ लगी हुई है। कई लोग इन अदाकाराओं को गलत रास्ता दिखा रहे हैं, जिसके बारे में हिमांशी खुराना ने आवाज उठाई है। हिमांशी खुराना ने बिना किसी का नाम लिए पंजाबी इंडस्ट्री के एक व्यक्ति को दलाल कहा है, जो नई लड़कियों का फायदा उठाने के लिए उन्हें गलत रास्ते पर धकेल रहा है।
हिमांशी खुराना ने पंजाबी हीरोइन्स को गलत रास्ता दिखाने वालों को लताड़ा, बोलीं 'तुम दलाल से...'
हिमांशी खुराना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पर इस व्यक्ति के बारे में कहा है, 'पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में एक वाहियात इंसान है, जिसे न तो कोई शरम है और न ही खुद की कोई इज्जत है। ये इंसान नई लड़कियों के पास जाता है और उनसे कहता है कि ये काम दिलाएगा। नई लड़कियों को ये इंसान फिल्मों और गानों के झांसे देता है। इसके बाद ये इंसान उन लड़कियों की पर्सनल जानकारी का गलत उपयोग करता है। मुझे इस इंसान के बारे में इसलिए पता चला है क्योंकि ये मुझसे भी काफी वक्त से बात कर रहा है। ये नई लड़कियों को बातों में फंसाता है और कहता है कि ये पंजाबी इंडस्ट्री के सभी बड़े कलाकारों को जानता है।'
'मेरे कई बार इग्नोर करने के बाद भी ये इंसान बिल्कुल नहीं बदला है। मैं इस दफा इसकी बकवास नहीं झेलना चाहती हूं। अगर तुम मेरा ये पोस्ट देख रहे हो तो मैं बता दूं कि तुमने अब तक मेरा पैसा नहीं दिया है। मैंने तुमसे अपने पैसे मांगे नहीं क्योंकि मैं ऐसी हूं नहीं। तुम्हें कोई हक नहीं है कि तुम नई लड़कियों को बोलो कि हिमांशी तुम्हारी सुनती है। याद रखना तुम लंदन में फंसे हुए थे और मैंने तुम्हारी मदद की थी। तुम्हारे पास टिकिट तक के पैसे नहीं थे। मैं तुम्हारा नाम लेकर तुम्हें ज्यादा तवज्जो नहीं देना चाहती हूं लेकिन तुम एक दलाल से ज्यादा कुछ नहीं हो।'
