Diljit Dosanjh Concert Controversy: गुजरात के अहमदाबाद में पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) का कॉन्सर्ट इन दिनों चर्चा में है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में हुए इस शो को लेकर पहले ही कई आपत्तियां सामने आ चुकी थीं। जिला बाल संरक्षण इकाई से लेकर एक प्रोफेसर तक ने उनके कुछ गानों और परफॉर्मेंस के तरीकों पर सवाल उठाए थे। हालांकि, कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत का अंदाज कुछ अलग ही नजर आया। उन्होंने स्टेज पर पहुंचते ही ऐसा कदम उठाया, जिसके बाद विवाद और गहरा गया। इतना ही नहीं, सिंगर ने अपने अंदाज में आलोचकों को जवाब भी दिया।
अहमदाबाद में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में बवाल, विवादित गानों से ही की शुरुआत; बोले- जितना छेड़ोगे, उतना ट्रेंड करूंगा (Image Source: Diljit Dosanjh Instagram)
Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें:Anirudh-Kavya Maran को पीएम मोदी ने दी शादी की बधाई, चेन्नई रिसेप्शन में पहुंचे CM विजय समेत ये सितारे
विवादित गानों से ही की कॉन्सर्ट की शुरुआत
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कॉन्सर्ट शुरू होते ही दिलजीत दोसांझ ने 'चार पैग' गाने से शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने विदेशी कलाकारों और इंडियन कलाकारों के साथ होने वाले व्यवहार पर सवाल उठाए। दिलजीत ने कहा कि कोल्डप्ले (Coldplay) के विदेशी कलाकार 'ड्रंक एंड हाई' गाते हैं तो किसी को परेशानी नहीं होती, लेकिन उनके गानों पर सवाल खड़े किए जाते हैं। सिंगर ने आगे कहा, "मेरा जन्म यहीं हुआ है। मैं कॉन्सर्ट करता हूं, टैक्स भरता हूं और चला जाता हूं। मुझे मत छेड़ो, जितना छेड़ोगे, उतना ही ट्रेंड करूंगा और जवाब दूंगा।" इस दौरान उन्होंने पंजाबी में एक शेर भी सुनाया। इसका मतलब था कि जो होना है, वह होकर रहेगा और उसे कोई रोक नहीं सकता।
Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें:Diljit Dosanjh के अहमदाबाद कॉन्सर्ट से पहले हुआ विवाद, चंडीगढ़ के प्रोफेसर का पुलिस ने दर्ज किया बयान
बच्चों को कॉन्सर्ट में लाने पर भी दिया जवाब
कॉन्सर्ट के दौरान एक बच्चे से बातचीत करते हुए दिलजीत ने बच्चों को स्टेज पर बुलाने और कॉन्सर्ट में उनकी मौजूदगी को लेकर उठाई गई आपत्तियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह बच्चों को अपने घर से लेकर नहीं आते, बल्कि उनके माता-पिता उन्हें कॉन्सर्ट में लेकर आते हैं। इसके बाद उन्होंने 'जेब विच अफीम लभिया' गाना शुरू किया और फिर 'पटियाला पैग' गाया। खास बात ये रही कि जिन गानों को लेकर पहले आपत्ति जताई गई थी, दिलजीत ने उन्हीं गानों को अपनी परफॉर्मेंस में शामिल किया। इस वजह से विवाद और बढ़ गया।
DCPU ने इन गानों पर जताई थी आपत्ति
दरअसल, कॉन्सर्ट से पहले जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) ने अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर दिलजीत से शराब, नशीले पदार्थों और हथियारों को बढ़ावा देने वाले गाने नहीं गाने की मांग की थी। पत्र में 'पटियाला पैग', '5 तारा ठेके', 'जेब विचो फीम लब्बिया' और 'जट्ट उठे फायर करदा जित्थे पाबंदी हथियारां दी' जैसे गानों का उल्लेख किया गया था। DCPU ने बच्चों को स्टेज पर नहीं बुलाने और परफॉर्मेंस के दौरान बुलेट बेल्ट नहीं पहनने की मांग भी की थी। इसके अलावा तेज आवाज, 120 डेसिबल से ज्यादा साउंड और फ्लैशिंग लाइट्स से बच्चों की सेहत पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर भी चिंता जताई गई थी।
