Thamma box office collection Day 6: आदित्य सरपोतदार के निर्देशन में बनी बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana) और साउथ एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandanna) की हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'थामा' ने सिनेमाघरों में अपने सफल 6 दिन पूरे कर लिए हैं। ओपनिंग डे पर धांसू शुरुआत करने के बाद अब इस मूवी के कलेक्शन बड़ा उछाल देखने को नहीं मिला है। पहले दिन 'थामा' (Thamma) ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 24 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर मेकर्स को खुश कर दिया था लेकिन धीरे-धीरे फिल्म की कमाई गिरती ही चली गई। अब यह मूवी 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने से एक कदम दूर है। तो चलिए देखते हैं आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना की 'थामा' ने बॉक्स ऑफिस पर कितने करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है।
Pic Credit: IMDb
धीमी पड़ रही है 'थामा' की कमाई
ट्रैकिंग वेबसाइट Sacnilk के मुताबिक आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana) और रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandanna) की फिल्म 'थामा' ने बॉक्स ऑफिस पर रविवार के दिन 13 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। यह मूवी 6 दिनों के अंदर 91.70 करोड़ रुपये का कारोबार करने में सफल रही है। मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स की फिल्म 'थामा' में आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना की जोड़ी भी पहली बार बड़े परदे पर नजर आ रही है और इसे ऑडियंस ने पसंद भी किया है।
वीकेंड में ठीक-ठाक कमाई करने के बाद अब वीक डेज में 'थामा' के कलेक्शन में और भी गिरावट देखने को मिल सकती है। रविवार को हिंदी में फिल्म की कुल ऑक्यूपेंसी दर 23.19 प्रतिशत रही थी। आयुष्मान-रश्मिका के अलावा फिल्म 'थामा' में परेश रावल, सत्यराज, फैसल मलिक, गीता अग्रवाल और रचित सिंह सहित कई कलाकार अलग-अलग भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस की बात करें तो फिल्म ने 5 दिनों में ही 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार लार लिया था। वैसे आपको यह मूवी कैसी लगी? इस बारे में आप अपनी राय हमें कमेंट्स के माध्यम से भी दे सकते हैं।
