Thamma Box Office Collection Day 5: बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना, एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना और नवाजुद्दीन सिद्दीकी स्टारर 'थामा' बड़े पर्दे पर दस्तक दे चुकी है। फिल्म को रिलीज हुए 5 दिन बीत चुके हैं और इन पांचों दिनों में 'थामा' ने अच्छी खासी कमाई की है। 'थामा' (Thamma) ने 24 करोड़ रुपये के साथ बॉक्स ऑफिस पर अपना खाता खोला था और इसके साथ ही ये साल की चौथी सबसे बड़ी ओपनर मूवी बनी। वहीं रोजाना ही फिल्म डबल डिजिट में कमाई कर रही है। 'थामा' की रफ्तार बीते शुक्रवार को थोड़ी सी हल्की जरूर पड़ी थी। लेकिन शनिवार को फिर से 'थामा' ने बॉक्स ऑफिस पर तूफान मचा दिया है। फिल्म ने पांचवे दिन छप्परफाड़ कमाई कर डाली है।
फोटो क्रेडिट- रश्मिका मंदाना इंस्टाग्राम
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana) और रश्मिका मंदाना स्टारर 'थामा' (Thamma) ने पांचवे दिन बॉक्स ऑफिस पर जलवा दिखाते हुए 13 करोड़ रुपये की कमाई की है। ऐसे में फिल्म का कुल कलेक्शन पांचों दिनों में 78 करोड़ रुपये पहुंच गया है। 24 करोड़ रुपये से ओपनिंग करने के बाद आयुष्मान और रश्मिका मंदाना की 'थामा' ने दूसरे दिन 18 करोड़, तीसरे दिन 13 करोड़, चौथे दिन 10 करोड़ और पांचवे दिन 13 करोड़ रुपये की कमाई की। 'थामा' की कलेक्शन का आंकड़ा देख कहा जा सकता है कि फिल्म जल्द ही 100 करोड़ रुपये की बाउंड्री भी क्रॉस कर लेगी।
बता दें कि आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana), रश्मिका मंदाना और नवाजुद्दीन सिद्दीकी की 'थामा' (Thamma) को केवल समीक्षक ही नहीं बल्कि दर्शकों का भी भरपूर प्यार मिला है। फिल्म रोमांटिक हॉरर कॉमेडी है, जिसमें सुपरनैचुरल थ्रिलर का भी जबरदस्त डोज देखने को मिल रहा है। 'थामा' में आयुष्मान खुराना ने 'बेताल' की भूमिका अदा की है। फिल्म में रश्मिका मंदाना के साथ उनकी केमिस्ट्री तारीफ के लायक है। वहीं 'थामा' में वरुण धवन का कैमियो भी है, जिसने फिल्म में चार चांद लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। 113 करोड़ रुपये के बजट में बनी ये 'थामा' अपनी कहानी से दर्शकों को खूब लुभा रही है। ऐसे में ये देखना दिलचस्प रहेगा कि आगे 'थामा' की परफॉर्मेंस क्या रुख लेती है।
