Bhaiyya Ji Box Office Prediction Day 1: बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के टैलेंटेड एक्टर्स में से एक मनोज बाजपेयी (Manoj Bajpayee) अपनी नई फिल्म 'भैया जी' (Bhaiyya Ji) को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। आज यानी 24 मई के दिन निर्माताओं के मनोज बाजपेयी स्टारर 'भैया जी' को सिनेमाघरों में पेश कर दिया है। फिल्म का ट्रेलर देखने के बाद से ही लोगों ने मनोज बाजपेयी स्टारर को सिनेमाघरों में जाकर देखने का मन बना लिया था। निर्माताओं ने फिल्म की एडवांस बुकिंग भी कुछ दिन पहले ही ओपन कर दी थीं। अब जो ट्रेड रिपोर्ट्स सामने आई हैं उनके मुताबिक यह फिल्म पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर अच्छी-खासी कमाई कर सकती है।
ट्रेड रिपोर्ट्स की मानें तो मनोज बाजपेयी को पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत मिलने की उम्मीद है। ट्रेड पंडितों का मानना है कि मनोज बाजपेयी की फिल्म 'भैया जी' ओपनिंग डे पर 2 से 3 करोड़ रुपये का धांसू बिजनेस करने में सफल रहेगी। अगर यह फिल्म पहले दिन 2 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार करती है तो शनिवार और रविवार की कमाई में बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है।
बता दें अपूर्व सिंह कार्की ने मनोज बाजपेयी की फिल्म 'भैया जी' का निर्देशन किया है। फिल्म को लोगों की ओर से ठीक-ठाक रिव्यू मिल रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि फिल्म में मनोज बाजपेयी के एक्शन अवतार दिखाई दे रहे हैं, जो ऑडियंस को काफी पसंद आए हैं। 'भैया जी' मनोज बाजपेयी के करियर की 100वीं फिल्म भी है। वर्कफ्रंट की बात करें तो मनोज बाजपेयी इस समय 'द फैमिली मैन 3' सीरीज की शूटिंग में व्यस्त हैं।
