WAVES Summit 2025: बॉलीवुड अदाकारा दीपिका पादुकोण बेटी दुआ के जन्म से पहले लगातार फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त रहती थीं। जब दुआ उनके पेट में थी तब भी उन्होंने रोहित शेट्टी की फिल्म सिंघम अगेन की शूटिंग की थी। इसी से आज अंदाजा लगा सकते हैं कि दीपिका पादुकोण के लिए फिल्मों से कितना प्यार है लेकिन जब से बेटी दुआ दुनिया में आई है तब से वो लगातार उसका ध्यान रख रही हैं और फिल्मों में कम नजर आ रही हैं। अदाकारा दीपिका पादुकोण ने वेव्स समिट 2025 में मां बनने के बाद जिंदगी में आए बदलावों के बारे में बात की और कहा कि वो जिंदगी द्वारा दिए गए नए रोल में फिट होने की कोशिश कर रही हैं।
बॉलीवुड अदाकारा दीपिका पादुकोण ने कहा, 'मैं मां बनने के बाद अपनी जिंदगी को नए सिरे से डिस्कवर कर रही हूं। जब आपकी जिंदगी में बच्चा आता है तब आपको तुरंत अहसास होता है कि आप पर एक नई जिंदगी निर्भर करती है। बच्चा होने के बाद जिंदगी केवल आपके बारे में नहीं रहती है। करियर, घर, पैसा और बाकी चीजें पीछे रह जाती हैं क्योंकि आपकी जिंदगी में एक नया मेहमान आ चुका होता है और अब वो सबसे महत्वपूर्ण हो जाता है।'
कल्कि 2898एडी अदाकारा ने कहा, 'मैं हमेशा से मां बनना चाहती थी और ये सुख पाने के बाद मैं जिंदगी को एन्जॉय कर रही हूं। मां बनने के बाद मैं जिंदगी में नई-नई चीजें सीख रही हूं और कई सारी चीजें ठीक भी कर रही हूं। मेरी बेटी दुआ अब मेरे लिए मुझसे भी पहले आती है। मैं कई सारे जवाबों को अब भी तलाश रही हूं।'
शाहरुख खान ने भी दीपिका पादुकोण के नए रोल के बारे में बात की और कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि अदाकारा एक अच्छी मां बनेंगी और दुआ को अच्छी परवरिश देंगी। किंग खान ने कहा है कि उन्हें दीपिका पादुकोण का नया रोल सबसे अच्छा लगता है।
