Shilpa Rao Times Now Summit 2026: बॉलीवुड की मशहूर सिंगर शिल्पा राव (Shilpa Rao) ने टाइम्स नाउ समिट 2026 (TIMES NOW Summit 2026) में एक बहुत ही महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने कहा कि भारत को अब अपने कंसर्ट कल्चर को और मजबूत बनाना चाहिए। टाइम्स नाउ की डिप्टी न्यूज एडिटर स्वाति जोशी से बातचीत में शिल्पा ने कहा कि भारत को इंडी म्यूजिक और कॉन्सर्ट्स का हब बनना चाहिए। शिल्पा का मानना है कि म्यूजिक हमारे देश की सबसे बड़ी सॉफ्ट पावर है, जिसे हमें पूरी दुनिया में और बेहतर तरीके से प्रमोट करना चाहिए।
शिल्पा राव ने म्यूजिक प्रोफेशन पर कही ये बात
संगीत को अब एक गंभीर प्रोफेशन बताते हुए शिल्पा ने सेशन के दौरान कहा, 'मुझे लगता है 90 के दशक में जब कोई आपसे पूछता था कि ‘जिंदगी में तुम क्या बनना चाहते हो?’ और अगर आप कहते कि ‘मैं संगीतकार बनना चाहता हूं’, तो ये जवाब बहुत सही नहीं माना जाता था। लोग कहते, ‘ठीक है, लेकिन असल में तुम क्या करना चाहते हो?’ लेकिन अब चीजें बदल गई हैं। संगीतकार बनना अब एक असली प्रोफेशन है। लोग इसे करना चाहते हैं।' 2026 में संगीत इंडस्ट्री में 20 साल पूरा करने वाली शिल्पा ने आगे बताया, 'ये इसलिए क्योंकि पूरा इकोसिस्टम अब ऐसा बन गया है जिसमें संगीत को प्रोफेशन के रूप में अपनाया जा सकता है। आप इससे गुजारा कर सकते हैं। आप खुद को इससे चला सकते हैं। लेकिन हां, टॉप लेवल पर पहुंचने के लिए इसमें बहुत मेहनत करनी पड़ती है।'
सोशल मीडिया के दौर में म्यूजिक
म्यूजिक को सोशल मीडिया के व्यूज और ऑनलाइन पॉपुलैरिटी से आगे मनाने की जरूरत पर चर्चा करते हुए शिल्पा ने कहा, 'जब आप सोशल मीडिया का इस्तेमाल लोगों तक पहुंचने के लिए करते है, तो सावधानी बरतनी चाहिए, क्योंकि ये सिर्फ एक माध्यम है, ये सब कुछ नहीं है। संगीत सीखना, उसका अभ्यास करना और उसे दिल से करना, मुझे लगता है यही मुख्य मकसद होना चाहिए और हमें इसी पर टिके रहना चाहिए।'
भारत में इंडिपेंडेंट म्यूजिक और कॉन्सर्ट?
शिल्पा राव ने इसको लेकर कहा कि 'संगीत के जरिए भारत की सॉफ्ट पावर की बात करें तो हमारी म्यूजिक इंडस्ट्री और फिल्म इंडस्ट्री ऐसी है जिस पर भारत को गर्व है और पूरी दुनिया में हम इसी के लिए जाने जाते हैं। इंडी म्यूजिक और कॉन्सर्ट्स के बड़े होने के साथ मुझे लगता है कि हमें उस स्तर तक पहुंचना चाहिए जहां हम कह सकें कि ‘हां, हम इसमें भी सॉफ्ट पावर हैं’।
