Sunny Deol Recalls Once He Teased A Girl On Road: बॉलीवुड के 'तारा सिंह' यानी सनी देओल (Sunny Deol) इन दिनों खूब सुर्खियों में हैं। उनकी मूवी 'गदर 2' (Gadar 2) 500 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने से बस कुछ कदम की ही दूरी पर है। सनी देओल इन दिनों 'गदर 2' को लेकर खूब इंटरव्यू दे रहे हैं, जिसमें उन्होंने अपनी निजी जिंदगी का भी खुलासा किया। अपने एक इंटरव्यू के दौरान सनी देओल ने बताया कि उन्होंने स्कूल-कॉलेज के दिनों में एक लड़की को छेड़ दिया था।
सनी देओल (Sunny Deol) ने इस बात का खुलासा रणवीर इलाहाबादिया संग पॉडकास्ट के दौरान किया। उन्होंने अपने स्कूल-कॉलेज के दिनों को याद करते हुए कहा, "जो जवान लोग होते हैं, जैसे कि कोई लड़की आई तो छेड़ दिया। छेड़ना मतलब कि कुछ भी ऐसे बोलना। ये नहीं कि कोई बदतमीजी करनी हो। तो मैं सड़क पर था और गाड़ी में हम लोग जा रहे थे। इसी बीच एक खूबसूरत लड़की थी तो मैंने शायत कुछ कहा होगा उसको। इसके बाद हम अपने दोस्त के घर आ गए और जैसे ही हमने बिल्डिंग में एंट्री की, वहां गेट पर तेज रफ्तार में एक कार आकर खड़ी हो गई। मैं सोच में पड़ गया कि ये है कौन?"
सनी देओल (Sunny Deol) ने अपनी जवानी के किस्से को याद करते हुए आगे कहा, "मुझे पता चला कि वो उस लड़की का भाई है। मेरे गार्ड्स वहां पर गए, लेकिन मैंने उसे बताया कि गलत मैं हूं। मैंने कहा कि अगर तुम मारना चाहते हो तो मुझे मारो क्योंकि मैं गलत हूं। अगर मैंने आपकी बहन को कुछ कहा है तो मैं गलत हूं। ये उसूल मेरा हमेशा रहा है कि अगर मैं गलत हूं तो गलत हूं।"
