Sonu Nigam on NEET Protests: बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम ने आखिरकार वायरल वीडियो पर अपनी चुप्पी तोड़ी है, जिसमें वह मीडिया से बातचीत के दौरान NEET प्रदर्शन से जुड़े सवालों का जवाब देने से बचते नजर आए थे। सोनू निगम ने बताया है कि उन्होंने उस वक्त राजनीतिक मुद्दे पर बात करने से क्यों परहेज किया। सोनू निगम के मुताबिक वो इवेंट उनके दिवंगत गुरु पंकज उधास को श्रद्धांजलि देने के लिए होस्ट किया गया था। ऐसे में उनका मानना था कि कार्यक्रम के विषय से अलग किसी राजनीतिक मुद्दे पर चर्चा करना सही नहीं था। (टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें: DC The Bloody Valentine Box Office: नहीं रुक रही लोकेश-वामिका स्टारर की कमाई, 5 दिनों में इतना हुआ बिजनेस)
NEET प्रोटेस्ट पर इसलिए नहीं बोले सोनू निगम
NEET प्रदर्शन पर सवाल से क्यों बचते रहे सोनू निगम?
सोनू निगम ने बॉम्बे टाइम्स से बातचीत में बताया कि मुंबई में तीन दशक से ज्यादा समय बिताने के दौरान उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस का एक नियम सीखा है। उनके मुताबिक किसी भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में उसी मुद्दे पर बात होनी चाहिए, जिसके लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि जब वह अपने गुरु पंकज उधास को श्रद्धांजलि देने के लिए आए थे, तब राजनीति पर बात करना उन्हें सही नहीं लगा। सोनू ने इसे कार्यक्रम की गरिमा के खिलाफ बताया और कहा कि मीडिया को भी इस दौरान उसी मर्यादा को बनाए रखना चाहिए था।
वायरल हुआ था सोनू निगम का वीडियो
दरअसल सोशल मीडिया पर सोनू निगम का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इसमें एक पत्रकार ने उनसे छात्र प्रदर्शनों को लेकर सवाल किया था। सवाल सुनने के बाद सोनू निगम ने कहा था, "मैं यहां किस लिए आया हूं? बस... बस... बस।" जब पत्रकारों ने आगे सवाल करने की कोशिश की तो उन्होंने बातचीत खत्म करते हुए कहा, "अब हो गया बस।" इसके बाद सोशल मीडिया पर सोनू निगम के इस व्यवहार को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। (टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें: किसिंग वीडियो के वायरल होने पर Nikita Rawal ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं 'कुछ गलत नहीं किया...')
पिता से किया था वादा
सोनू निगम ने यह भी बताया कि कुछ मुद्दों पर चुप रहने का फैसला उनके पिता की सलाह से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने पिता से वादा किया था कि जिस विषय के बारे में उन्हें पूरी जानकारी नहीं है, उस पर वह अपनी राय नहीं देंगे। सिंगर ने यह भी बताया कि उनके फोन में सोशल मीडिया नहीं है और उनकी जिंदगी मुख्य रूप से संगीत और भक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है। हालांकि, सोनू ने यह साफ किया कि वह सामाजिक मुद्दों पर हमेशा चुप नहीं रहते। उन्होंने लाउडस्पीकर के इस्तेमाल और कलाकारों के रॉयल्टी अधिकारों जैसे मुद्दों पर अपनी राय रखने की बात भी कही।
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया
सोनू निगम के बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं बंटी हुई हैं। कुछ लोगों ने छात्र प्रदर्शन जैसे अहम मुद्दे पर जवाब नहीं देने के लिए सिंगर की आलोचना की। वहीं, कुछ यूजर्स ने उनका बचाव करते हुए कहा कि हर सेलिब्रिटी को हर सामाजिक या राजनीतिक मुद्दे पर अपनी राय देना जरूरी नहीं है। इस मामले ने एक बार फिर यह बहस शुरू कर दी है कि क्या किसी सेलिब्रिटी से हर बड़े राजनीतिक या सामाजिक मुद्दे पर बयान देना जरूरी होना चाहिए।
सोनू निगम की सेहत को लेकर भी चर्चा
वहीं, सोनू निगम हाल ही में अपनी सेहत को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। उन्होंने पिंच्ड नर्व के कारण होने वाले तेज दर्द के बारे में बताया था। इसके अलावा कुछ दिन पहले उनकी उंगली की सर्जरी भी हुई थी। हालांकि सिंगर ने यह स्पष्ट किया है कि उनकी हालिया स्वास्थ्य समस्याओं का उनकी वोकल कॉर्ड्स पर कोई असर नहीं पड़ा है। फिलहाल वह अपनी सेहत और संगीत पर ध्यान दे रहे हैं।
