Salim Khan threatens by a burqa-blad woman: बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने कलाकार सलमान खान के पिता सलीम खान गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले हुए थे, तब उन्हें बुर्का पहनी एक महिला ने धमकी दी। सलीम खान पार्क की बैंच पर बैठे हुए थे तब स्कूटी से उनके पास एक पुरुष और एक महिला आए। महिला बुर्का पहनी हुई थी, जिसने उनके पास आकर लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेकर धमकी दी। महिला ने सलीम खान से कहा, 'लॉरेंस बिश्नोई को भेजूं क्या...।' सलीम खान के साथ हुई इस घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है, जो तहकीकात कर रही है। पुलिस ने जानकारी मिलते ही सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। सलीम खान को धमकी मिलने के बाद से पुलिस एक्टिव है और लगातार स्कूटी सवारों को पकड़ने की कोशिश कर रही है।
सलमान खान परिवार के ऊपर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का खतरा काफी समय से मंडरा रहा है। अप्रैल के महीने में सलमान खान के घर पर कुछ लोगों ने फायरिंग की थी, जिसके बाद से ही मुंबई पुलिस एक्टिव है। इससे पहले भी लॉरेंस बिश्नोई का ग्रुप सलमान खान को धमकी देता रहा है लेकिन पिछले कुछ समय से मामला गहराता जा रहा है।
सलीम खान को धमकी देने से कुछ दिनों पहले ही एपी ढिल्लों के विदेश स्थित घर पर भी हमला किया गया था। एपी ढिल्लों ने उसी दौरान सलमान खान के साथ एक गाना बनाया था, जो काफी हिट रहा था। बताया जा रहा है कि इस गाने से नाराज लोगों ने एपी ढिल्लों के घर पर हमला किया और हिदायत दी कि वो सलमान खान से दूरी बनाकर रखें। हमले के दौरान एपी ढिल्लों के घरवालों के कुछ नहीं हुआ था लेकिन इस मामले के बाद सलमान और एपी ढिल्लों के फैंस हैरान हैं।
