बॉलीवुड कलाकार ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर उनके जीते-जी फिल्मों से दूर रहीं। ऋषि कपूर नहीं चाहते थे कि उनकी बेटी फिल्मों में काम करें, जिसका रिद्धिमा ने सम्मान किया। पिता ऋषि कपूर की मृत्यु के बाद रिद्धिमा कपूर टीवी शोज और ओटीटी शोज में नजर आा शुरू हुईं और दर्शकों ने उन्हें खूब प्यार दिया। दर्शकों का प्यार देखते हुए रिद्धिमा ने फैसला लिया है कि वो फिल्मों में भी काम करेंगी और उन्होंने अपनी डेब्यू मूवी की शूटिंग शुरू कर दी है। रिद्धिमा कपूर ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें वो कॉमेडी किंग कपिल शर्मा और मां नीतू कपूर के साथ खिलखिलाती नजर आ रही हैं। इस तस्वीर में रिद्धिमा कपूर की डेब्यू मूवी की बाकी स्टारकास्ट भी मौजूद है। रिद्धिमा कपूर ने ये तस्वीर शेयर करते हुए लिखा है, 'खुशी ऐसी चीज है जो दूसरे को भी खुश कर देती है। हम सभी को खुशी बिखेरनी चाहिए।'
रिद्धिमा कपूर ने कुछ वक्त पहले हिन्दुस्तान टाइम्स के साथ अपने बॉलीवुड डेब्यू के बारे में बात की थी। इस चर्चा के दौरान रिद्धिमा ने कहा था, 'जी हां, मैं फिल्मों में काम करने के लिए तैयार हूं और इस वक्त पहाड़ों पर शूटिंग कर रही हूं। मैं फिल्म के प्लॉट के बारे में ज्यादा कुछ तो नहीं बता सकती हूं लेकिन इतना जरूर कह सकती हूं कि मैं जून तक यहां शूटिंग करूंगी।'
नीतू कपूर ने भी एक न्यूज पोर्टल से इस बारे में बात की और कहा 'हम लोग फिल्म शुरू करने के लिए काफी एक्साइटेड हैं। हम लोग फिल्म की शूटिंग की क्लिप्स फैमिली के साथ शेयर करते रहते हैं और सभी को ये काफी पसंद आती हैं। इस फिल्म का सबसे अच्छा पार्ट ये है कि मैं और रिद्दिमा साथ रहते हैं। हम लोग साथ में रिहर्सल करते हैं। रिद्दिमा की बेटी समारा भी जल्द ही हमारे साथ होगी। इस वक्त उसकी पढ़ाई चल रही है, जैसे ही उसकी छुट्टियां पड़ेंगी, वो यहां आ जाएगी।'
