Mamta Kulkarni on her relation with Vicky Goswami: लम्बे समय तक भारत से दूर रही अदाकारा ममता कुलकर्णी भारत लौट आई हैं। 90 के दशक में एक वक्त ममता कुलकर्णी बड़ी अदाकारा के तौर पर जानी जाती थीं लेकिन वो अचानक से ही विवादों में फंसने लगीं और उन्होंने फिर इंडस्ट्री से नाता तोड़कर विदेश का रुख कर लिया। विदेश जाने के बाद ममता कुलकर्णी का नाम ड्रग तस्कर विक्की गोस्वामी के साथ जुड़ा था, जिस पर अदाकारा ने सफाई देते हुए कहा है कि विक्की गोस्वामी उनका पति नहीं है। उन्होंने अब तक शादी नहीं की है।
ममता कुलकर्णी ने नेटवर्क 18 को दिए ताजा इंटरव्यू में कहा है, 'मेरी विक्की से शादी नहीं हुई है। वो मेरा पति नहीं है। मैं अब तक सिंगल हूं। मैंने किसी से शादी नहीं की है। मैं विक्की के साथ कुछ समय के लिए रिलेशनशिप में थीं लेकिन हमारा रिश्ता टूट चुका है। 4 साल पहले मैंने उसे ब्लॉक कर दिया था।'
ममता कुलकर्णी ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा है, 'विक्की अच्छा इंसान है। उसका दिल अच्छा है। फिल्म इंडस्ट्री के बड़े-बड़े लोग उससे मिलते थे, उसी दौरान मैं उससे मिली। हालांकि मैं उन आखिरी लोगों में से एक थी, जो विक्की के कॉन्टैक्ट में आए। जब मुझे उसके सच के बारे में पता चला तो मैंने उसे छोड़ दिया। वो इस वक्त दुबई के जेल में है। मैं उसे जेल से निकालने की कोशिश कर रही थी। साल 2012 में विक्की जेल से बाहर आया था और मैं 2016 में उससे दोबारा मिली। वो मेरा पास्ट है, जिसे मैं छोड़ चुकी हूं।'
बताते चलें कि विक्की गोस्वामी को साल 1997 में ड्रग तस्करी के चलते 10 साल की जेल हुई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, ममता कुलकर्णी जेल में उससे मिलने के लिए जाती थीं और इसी दौरान दोनों ने शादी की थी। ममता कुलकर्णी 25 सालों के बाद भारत लौटकर आई हैं और उन्होंने विक्की संग शादी की खबरों को झूठ बताया है।
