Golmaal 5 BTS Video: बॉलीवुड स्टार अजय देवगन की फिल्म गोलमाल 5 का अच्छा खासा बज बना हुआ है। बीते दिनों गोलमाल 5 में अक्षय कुमार की एंट्री की खबर सामने आई थी। हालांकि मेकर्स ने इस बात पर मुहर नहीं लगाई थी। इस बीच रोहित शेट्टी ने अपने जन्मदिन पर गोलमाल 5 को लेकर एक बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने ये एक वीडियो शेयर कर ये कंफर्म कर दिया है कि मूवी में अक्षय कुमार नजर आएंगे। इस बात से फैंस खुशी से खिलखिला उठे हैं। आइए नजर डालते है इस खास रिपोर्ट पर...
pic credit- rohit shetty instagram
अक्षय कुमार की धांसू एंट्री
फिल्ममेकर रोहित शेट्टी ने अपनी सबसे प्यारी फ्रेंचाइजी गोलमाल 5 की शूटिंग शुरू कर दी है। कुछ दिन पहले उन्होंने अपने जुहू स्थित घर पर शूटिंग की थी और अब 14 मार्च को अपने 52वें जन्मदिन पर सेट से एक मजेदार वीडियो शेयर किया है। शनिवार को रोहित ने सेट से एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें मूल कास्ट अजय देवगन, अरशद वारसी, श्रेयस तलपड़े, कुणाल खेमू और तुषार कपूर दिख रहे हैं। वीडियो में अजय एक सरप्राइज का हिंट देते हैं, फिर शरमन जोशी, जो पहली फिल्म में लक्ष्मण प्रसाद शर्मा थे, वापस कास्ट में शामिल हो जाते हैं। लेकिन अजय कहते हैं कि असली सरप्राइज अभी बाकी है। असली धमाका तब होता है जब अक्षय कुमार बाल्ड लुक में धमाकेदार एंट्री करते हैं। वीडियो में अक्षय और अजय मजेदार पल शेयर करते हैं, जहां अक्षय अजय के गाल पर मजाक में किस करते हैं और रोहित शेट्टी हंसते-हंसते लोट-पोट हो जाते हैं। बाद में पूरी टीम, जिसमें अक्षय भी शामिल हैं, ग्रुप फोटो के लिए पोज देते हैं।
रोहित शेट्टी ने कही ये बात
BTS वीडियो शेयर करते हुए रोहित शेट्टी ने लिखा, '20 साल पहले पहली गोलमाल रिलीज हुई थी, जिसने मेरी जिंदगी बदल दी। इसका पूरा श्रेय आप दर्शकों को जाता है। पिछले 20 सालों में हमने आपको हंसाया, कभी निराश भी किया, लेकिन हमेशा ईमानदारी से काम किया। अब मेरी शानदार टीम और मैं एक बार फिर आपको एंटरटेन करने के लिए तैयार हैं। गोलमाल 5 की शूटिंग शुरू हो चुकी है। आपका प्यार और सपोर्ट हमेशा मिला है। बस आपकी दुआओं की जरूरत है। सिनेमाघरों में मिलते हैं।'
