Sunny-Bobby At Dharmendra's Prayer Meet: बॉलीवुड इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र (Dharmendra) का 24 नवंबर को निधन हो गया है। 27 नवंबर की शाम देओल फैमिली ने मुंबई में धर्मेंद्र की प्रार्थना सभा का आयोजन किया। इस दौरान परिवार के दोस्त और सहकर्मी और बॉलीवुड की तमाम हस्तियां धर्मेंद्र को आखिरी बार श्रद्धांजलि देने पहुंचीं। धर्मेंद्र की प्रार्थना सभा को 'सेलिब्रेशन ऑफ लाइफ' नाम दिया गया, जहां सभी ने दिग्गज अभिनेता की विशाल विरासत का सम्मान किया और उन्हें भावभीनी विदाई दी। पिता की प्रार्थना सभा में सनी देओल और बॉबी देओल सेलेब्स के सामने हाथ जोड़े हुए नजर आए।
हाथ जोड़े हुए नजर आए सनी-बॉबी
एक फैन द्वारा साझा की गई धर्मेंद्र की प्रार्थना सभा की अंदरूनी तस्वीर में सनी देओल और बॉबी देओल हाथ जोड़े खड़े नजर आ रहे हैं। इस दौरान सनी-बॉबी को बॉलीवुड सेलेब्स, दोस्तों और रिश्तेदारों से बात करते हुए देखा गया, जो उनके पिता धर्मेंद्र को अंतिम विदाई देने आए थे। सनी-बॉबी इस दौरान सफेद शर्ट में नजर आए। सनी पाजी के चेहरे पर पिता के जाने का गम साफ नजर आया, वहीं दूसरी ओर बॉबी देओल बाकी लोगों के साथ अपना दुख बांटते नजर आए। इस प्रार्थना सभा में सनी-बॉबी के पीछे पिता धर्मेंद्र की एक विशाल तस्वीर लगी हुई दिखाई दी।
बताते चलें धर्मेंद्र की प्रार्थना सभा का आयोजन 27 नवंबर को मुंबई के बांद्रा स्थित ताज लैंड्स एंड में किया गया। धर्मेंद्र को अंतिम विदाई देने सलमान खान, शाहरुख खान, अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय, अभय देओल, अमीषा पटेल, करण जौहर, मनीष मल्होत्रा, सिद्धार्थ मल्होत्रा, मलाइका अरोड़ा और अरहान खान सहित बॉलीवुड की तमाम हस्तियां नजर आईं। "सेलिब्रेशन ऑफ लाइफ" नामक यह कार्यक्रम शाम 5 बजे से 7:30 बजे तक चला। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सोनू निगम ने इस दौरान धर्मेंद्र के कुछ क्लासिक गाने गाकर उन्हें संगीतमय श्रद्धांजलि दी।
