Dhadkan Re-release: कुछ दिनों पहले खबरें सामने आई थीं कि सैफ अली खान और रानी मुखर्जी की फिल्म 'हम-तुम' एक बार फिर सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। मेकर्स इस मूवी को 16 मई के दिन री-रिलीज करने वाले हैं। फैन्स के लिए अब एक बड़ी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि 'हम-तुम' के बाद अक्षय कुमार (Akshay Kumar), सुनील शेट्टी (Suniel Shetty) और शिल्पा शेट्टी (Shilpa Shetty) की रोमांटिक-ड्रामा बेस्ड मूवी 'धड़कन' (Dhadkan Re-release) को भी मेकर्स सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज करने वाले हैं। आइए जानते हैं निर्माताओं ने इस मूवी को किस दिन रिलीज करने का निर्णय लिया है।
इस दिन री-रिलीज होगी 'धड़कन'
अक्षय कुमार (Akshay Kumar), सुनील शेट्टी (Suniel Shetty) और शिल्पा शेट्टी (Shilpa Shetty) स्टारर को निर्माताओं ने 23 मई के दिन दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज करने का फैसला किया है। इस मूवी ने पहली बार साल 2000 में 11 अगस्त के दिन सिनेमाघरों में दस्तक दी थी। धर्मेश दर्शन के निर्देशन में बनी फिल्म 'धड़कन' में शिल्पा शेट्टी ने अंजलि, सुनील शेट्टी ने देव और अक्षय कुमार ने राम की भूमिका निभाई थी। फिल्म की कहानी को बात करें तो यह देव और अंजलि की लव स्टोरी के बारे में हैं। ट्विस्ट तब आता जब अंजलि की शादी देव से नहीं बल्कि राम से हो जाती है। इस मूवी में देव, अंजलि और राम के बीच लव ट्रायंगल को दिखाया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 'धड़कन' को बनाने में निर्माताओं के 9 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। इस मूवी ने अपने समय में 26 करोड़ रुपये का धांसू कलेक्शन किया था। इस फिल्म में शर्मीला टैगोर, परमीत सेठी, किरण कुमार, सुषमा सेठ और महिमा चौधरी सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। वैसे आप इस मूवी को बड़े परदे पर दोबारा देखने के लिए कितने बेताब हैं? इस बारे में अपनी राय कमेंट्स के जरिए जरूर दें।
