आमिर खान और राजकुमार हिरानी ने दर्शकों को पीके और 3 इडियट्स जैसी सफल फिल्में दी हैं, जिन्होंने न केवल सबका मनोरंजन किया है बल्कि जमकर कमाई भी की है। एक दफा ये जोड़ी फिर से हाथ मिलाने को तैयार है और बताया जा रहा है कि आमिर खान-राजकुमार हिरानी साथ में मिलकर दादा साहेब फाल्के की बायोपिक शुरू करेंगे। खबरों की मानें तो दादा साहेब फाल्के की बायोपिक इसी साल शुरू हो जाएगी क्योंकि मेकर्स क्रिसमस 2026 पर इसे रिलीज करने के बारे में सोच रहे हैं।
फिल्म से जुड़े सूत्र ने पिंकविला को बताया है, 'आमिर खान और राजकुमार हिरानी जब-जब क्रिसमस के मौके पर आए हैं, कई रिकॉर्ड टूटे हैं। क्रिसमस के मौके पर इनकी फिल्म को बड़ा वीकेंड मिल जाता है, जिस कारण आंकड़े चौंकाने वाले रहते हैं। ये दोनों जल्द ही अपनी नई फिल्म की शूटिंग शुरू कर देंगे। अक्टूबर 2025 से दादा साहेब फाल्के की बायोपिक शुरू होगी और अप्रैल 2026 तक ये पूरी हो जाएगी। इसके बाद मेकर्स इसके पोस्ट प्रोडक्शन वर्क में लग जाएंगे।'
सूत्र ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, 'राजकुमार हिरानी अपनी अगली मूवी के लिए 1800-1900 का दौर रीक्रिएट करेंगे। इसके लिए प्री-विजुअलाइजेशन शुरू हो चुका है। फिल्म में आमिर खान अलग-अलग लुक्स में दिखेंगे, जो डिजाइन किए जा रहे हैं। दादा साहेब फाल्के का किरदार निभाने के लिए आमिर खान स्पेशल एक्टिंग वर्कशॉप्स भी करेंगे। आमिर और राजकुमार हिरानी भारतीय सिनेमा के जनक को सलाम करने के लिए ये फिल्म बना रहे हैं, जिसमें वो किसी प्रकार की कमी नहीं रखना चाहते हैं।' बताते चलें कि आमिर खान जल्द ही सितारे जमीन पर में दिखाई देंगे, जिसमें उनके साथ जेनेलिया डिसूजा भी नजर आएंगी।
