Daayra Song Sach Ka Daayra OUT: बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल 'दायरा' (Daayra) को देखने का क्रेज दर्शकों के बीच कम होने का नाम नहीं ले रहा है। इस मूवी में करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन को स्क्रीन स्पेस शेयर करते हुए देखा जाएगा। दर्शकों की बढ़ती उत्सुकता को देखने के बाद अब फिल्म का नया गाना 'सच का दायरा' (Sach Ka Daayra) रिलीज कर दिया गया है, जो अपनी दमदार कहानी और भावनात्मक अंदाज की वजह से खास ध्यान खींच रहा है। यह गाना रिलीज होते ही दर्शकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। (टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें: Samuk: अक्षय कुमार संग बनेगी इस 'मुक्काबाज' स्टार की जोड़ी, मचेगा धमाल)
'दायरा' मूवी का गाना 'सच का दायरा' हुआ रिलीज
कहानी का हिस्सा लगता है 'Sach Ka Daayra'
'सच का दायरा' महज एक गाना नहीं है बल्कि इसे फिल्म की स्टोरी की गहराई से जोड़ा गया है। गाने के बोल राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता गीतकार गुलजार ने लिखे हैं जबकि इसका संगीत अमित त्रिवेदी ने तैयार किया है। वहीं दूसरी ओर मशहूर गायक बी प्राक ने इस गाने को अपनी आवाज दी है। गाने में सच, नजरिए और परिस्थितियों में होते बदलाव के साथ-साथ बदलती सोच को दिखाया गया है। यही वजह है कि यह ट्रैक फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाने के साथ-साथ उसके भावनात्मक पक्ष को भी मजबूत करता नजर आता है।
करीना कपूर और पृथ्वीराज ने कही ये बात
करीना कपूर खान ने गाने को फिल्म का भावनात्मक केंद्र बताया है। उनके मुताबिक गुलजार साहब के शब्द अमित त्रिवेदी का संगीत और बी प्राक की आवाज मिलकर गाने में एक अलग तरह की गहराई लेकर आई है। वहीं दूसरी ओर पृथ्वीराज सुकुमारन ने कहा कि 'सच का दायरा' दर्शकों को सोचने पर मजबूर करता है। उनके अनुसार गाने के लिरिक्स और इसका म्यूजिक फिल्म की कहानी के अंदर की आवाज को अलग तरह महसूस कराता है।
बीप्राक और अमित त्रिवेदी ने किया कमाल
बी प्राक ने बताया कि यह गाना एक अलग तरह के एक्सप्रेशन की मांग करता है। गाने में इमोशन की ताकत के साथ एक खामोशी भी है और इसी संतुलन को पाना ही इसकी रिकॉर्डिंग को खास बनाता है। अमित त्रिवेदी ने कहा कि इस गाने के लिए ऐसी आवाज की जरूरत थी जो कहानी के साथ पूरी तरह मेल खाती हो। गुलजार साहब ने इसे बेहद गहराई के साथ लिखा है और बी प्राक की आवाज ने ट्रैक को और प्रभावशाली बना दिया।
न्याय और सच्चाई की कहानी कहता है गाना
फिल्म की निर्देशक मेघना गुलजार ने बताया कि 'सच का दायरा' फिल्म के भावनात्मक पक्ष को समेटता है। इसमें बेचैनी, बेबसी और न्याय की उम्मीद जैसे भाव दिखाई देते हैं। गाने के बोल, संगीत और आवाज मिलकर इन भावनाओं को और गहराई देते हैं।
गुलजार ने भी गाने के विचार को समझाते हुए कहा कि सच एकतरफा या किसी एक लकीर तक सीमित नहीं होता। समय, परिस्थितियों और नजरिए के साथ उसकी तस्वीर बदलती रहती है और यही बात यह गाना बयां करता है।
'दायरा' को लेकर बढ़ी दर्शकों की उम्मीदें
करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन स्टारर 'दायरा' का निर्देशन मेघना गुलजार कर रही हैं। 'सच का दायरा' की रिलीज ने इसके प्रति दर्शकों की उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है। जंगली पिक्चर्स की ओर से रिलीज किया गया यह गाना सभी ऑडियो प्लेटफॉर्म्स पर स्ट्रीम किया जा सकता है। वहीं इसका पूरा वीडियो टाइम्स म्यूजिक के यूट्यूब चैनल पर भी उपलब्ध है। 'दायरा' सिनेमाघरों में 18 सितंबर को रिलीज होने वाली है।
