Anurag Basu on Triptii Dimri Out From Aashiqui 3: बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के फेमस निर्माता-निर्देशक अनुराग बसु (Anurag Basu) ने फिल्म 'आशिकी 3' (Aashiqui 3) का निर्देशन करने की घोषणा की थी। इस मूवी के लिए कार्तिक आर्यन को बतौर लीड एक्टर फाइनल किया था। वहीं दूसरी ओर काफी तलाश करने के बाद निर्माताओं ने फिल्म में लीड एक्ट्रेस के तृप्ति डिमरी को कास्ट किया था। 'एनिमल' मूवी से तृप्ति डिमरी को लोगों के बीच खूब लोकप्रियता मिली थी। फिल्म में तृप्ति ने कई बोल्ड सीन्स दिए थे। कुछ दिनों पहले खबरें सामने आईं कि 'आशिकी 3' से तृप्ति डिमरी (Triptii Dimri) ने अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं। अब अनुराग बसु ने भी तृप्ति डिमरी के फिल्म से बाहर होने की असली वजह बताई है।
'आशिकी 3' से तृप्ति डिमरी के बाहर होने पर अनुराग बसु का खुलासा
एचटी से बात करते हुए अनुराग बसु ने फिल्म 'आशिकी 3' से तृप्ति डिमरी के बाहर होने की असली सच्चाई को उजागर किया है। अनुराग बसु ने बताया कि तृप्ति डिमरी की बोल्ड परफॉर्मेंस के बाद फिल्म के रोल के लिए एक्ट्रेस फिट नहीं थीं। अनुराग बसु ने यह भी बताया कि इस मूवी के लिए नई एक्ट्रेस की तलाश जारी है लेकिन अगले हफ्ते के अंदर इसकी घोषणा भी कर दी जाएगी। फिल्म का टाइटल भी जल्द ही बदला जाएगा।
अनुराग बसु ने आगे कहा कि तृप्ति डिमरी की डेट्स भी काफी क्लैश कर रही थीं। ऐसा इसलिए हैं क्योंकि तृप्ति डिमरी ने कुछ दिनों पहले ही विशाल भारद्वाज की नई मूवी भी साइन की है। इस मूवी में तृप्ति के साथ शाहिद कपूर नजर आएंगे। वहीं दूसरी ओर अनुराग बसु इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'मेट्रो इन दिनों' की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। इस फिल्म में सारा अली खान, अली फजल, आदित्य रॉय कपूर, नीना गुप्ता और पंकज त्रिपाठी सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
