Karan Johar Rejected Akshay kumar OMG 2: बॉलीवुड के मशहूर एक्टर अक्षय कुमार इन दिनों 'ओएमजी 2' (OMG 2) के जरिए सिनेमाघरों में खूब धूम मचा रहे हैं। 'गदर 2' की आंधी के बीच भी अक्षय कुमार की 'ओएमजी 2' सिनेमाघरों में टिकी हुई है और ताबड़तोड़ कमाई भी कर रही है। लेकिन बता दें कि अक्षय कुमार (Akshay Kumar) की 'ओएमजी 2' की स्क्रिप्ट कई निर्देशकों और प्रोड्यूसर को पसंद नहीं आई थी। इस लिस्ट में करण जौहर का नाम भी शामिल है, जिन्होंने फिल्म करने से साफ इंकार कर दिया था।
करण जौहर (Karan Johar) से जुड़ी इस बात का खुलासा खुद 'ओएमजी 2' के निर्देशक अमित राय ने किया है। अमित राय ने बताया कि वह 'ओएमजी 2' की स्क्रिप्ट लेकर कई प्रोडक्शन हाउस के पास गए थे, लेकिन कोई भी इस मूवी को बनाने के लिए तैयार नहीं हुआ। अंत में अक्षय कुमार (Akshay Kumar) ने उनका साथ दिया था। अमित राय ने बताया कि वह करीब 10 साल तक घर पर बैठे थे। लेकिन जब इसके बाद वह फिल्म लेकर आए तो सीबीएफसी ने उसपर सवाल खड़े करने शुरू कर दिये।
अमित राय ने इस सिलसिले में कहा, "सीबीएफसी को पता है कि हम किस चीज से गुजरे हैं। कई प्रोड्यूसर्स ने हमारी स्क्रिप्ट ठुकराई। सोनी, करण जौहर और आशुतोष गोवारिकर ने मूवी की स्क्रिप्ट ही रिजेक्ट कर दी थी। लेकिन आखिर में अक्षय कुमार ने साहस दिखाया और उन्होंने फिल्म करने का फैसला किया। उन्होंने स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद कहा कि ये मूवी बननी चाहिए। अक्षय कुमार की वजह से ही आज हम खड़े हैं, वरना तो 'ओएमजी 2' बन ही नहीं पाती।"
