बॉलीवुड के जख्मी शेर कहे जाने वाले सनी देओल ने गदर 2 से बॉक्स ऑफिस पर ऐसी वापसी की है कि नए-नवेले स्टार्स के भी तोते उड़ गए हैं। सनी देओल की गदर 2 ने 500 करोड़ का कारोबार किया था, जिसने लोगों को चौंकाकर रख दिया था। गदर 2 के बाद सनी देओल अपनी नई फिल्म जाट लेकर दर्शकों के सामने होंगे, जिसका प्रमोशन इन दिनों जोर-शोर से चल रहा है। जाट के प्रमोशन के दौरान सनी पाजी ने जूम टीवी के साथ खास मुलाकात की और कई बड़े मुद्दों पर चुप्पी तोड़ी।
कुछ वक्त पहले शाहरुख खान ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि वो आखिरी सुपरस्टार है, इसके बाद इंडस्ट्री कोई भी सुपरस्टार नहीं देखेगी। लोगों को कहीं न कहीं ये बात सही भी लग रही है क्योंकि शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान के बाद कोई भी ऐसा कलाकार दिखाई नहीं दे रहा है, जो बॉलीवुड का बोझ अपने कंधों पर उठाए। शाहरुख, आमिर, सलमान के सीनियर सनी देओल ने इस मुद्दे पर जूम टीवी के साथ खास बात की और कहा है कि इंडस्ट्री को भविष्य में कई बड़े स्टार मिलेंगे।
सनी देओल ने कहा, 'ऐसा नहीं है कि बॉलीवुड में अब कोई भी सुपरस्टार पैदा नहीं होगा। हमें जरूर नए सुपरस्टार्स मिलेंगे। ये नामुमकिन बात नहीं है। हां, हम लोगों के ऊपर भगवान की कृपा रही है कि हम लोग अब तक काम कर रहे हैं और लोग हमें पसंद भी कर रहे हैं। '
शुरू हुई जाट की एडवांस बुकिंग
अभिनेता सनी देओल की नई फिल्म जाट की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है। इस फिल्म में सनी देओल के साथ-साथ रणदीप हुड्डा और विनीत कुमार अहम किरदारों में दिखाई देंगे। फिल्म जाट को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है, जिसे देखकर ये माना जा रहा है कि सनी पाजी की ये फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर सफल साबित होगी।
