Abir Gulaal release pushed: जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पूरे देश में गुस्सा देखने को मिल रहा है। जगह-जगह पाकिस्तान और आतंकियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इन विरोध प्रदर्शनों के बीच एक धड़ा ऐसा भी है जो वाणी कपूर और फवाद खान की अपकमिंग फिल्म अबीर गुलाल का भी विरोध कर रहा है। फिल्म अबीर गुलाल से फवाद खान बॉलीवुड में कमबैक करने वाले हैं। भारतीय सिनेमाप्रेमी नहीं चाहते हैं कि अबीर गुलाल जैसी फिल्म भारत के किसी भी सिनेमाघर में रिलीज हो, जिसमें एक पाकिस्तानी अभिनेता है।
दर्शकों के बीच मौजूद इस गुस्से को फिल्म अबीर गुलाल के मेकर्स ने अच्छी तरह से भाप लिया है और उन्होंने इसे 9 मई को रिलीज करने का विचार त्याग दिया है। मेकर्स ने अबीर गुलाल की रिलीज डेट आगे बढ़ाने का फैसला किया है। अब ये फिल्म तब तक सिनेमाघरों में रिलीज नहीं हो पाएगी, जब तक पहलगाम आतंकी हमले का गुस्सा शांत नहीं हो जाता है और देशभर से जो बदले की मांग उठी है, वो पूरी नहीं हो जाती है।
अगर बॉलीवुड इनसाइडर्स की मानें तो फिल्म अबीर गुलाल की रिलीज इसलिए भी टाली गई है क्योंकि कई थिएटर मालिकों ने इसे अपने थिएटर में चलाने से इंकार कर दिया है। सोशल मीडिया पर कई लोग पोस्ट कर रहे हैं कि अगर अबीर गुलाल थिएटर्स में रिलीज होती है तो उन्हें जला दिया जाएगा। लोगों के बीच मौजूद रोष देखकर थिएटर मालिकों ने ये फैसला लिया है कि वो अपने यहां इसे रिलीज नहीं करेंगे, जिसके बाद मेकर्स को रिलीज डेट टालनी पड़ी है। मेकर्स ने अबीर गुलाल की रिलीज को अनिश्चित काल के लिए टाल दिया है और कुछ महीनों बाद ये फैसला किया जाएगा कि वो इसे कब रिलीज करेंगे।
