Brijesh Tripathi passed away: भोजपुरी इंडस्ट्री से सोमवार (18 दिसंबर, 2023) की सुबह एक बेहद दिल तोड़ देने वाली खबर सामने आई। बताया जा रहा है कि भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज कलाकार ब्रिजेश त्रिपाठी (Brijesh Tripathi) का निधन हो गया है। इंडिया टीवी के मुताबिक ब्रिजेश त्रिपाठी बीते दो हफ्तों से डेंगू से संक्रमित थे। उनका इलाज मेरठ के एक अस्पताल में चल रहा था। मुंबई में वापसी लौटने के बाद बीती रात ब्रिजेश त्रिपाठी को दिल का दौरा पड़ा और उन्हें तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया। दुख की बात यह है कि वहां मौजूद डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ब्रिजेश त्रिपाठी का परिवार मुंबई में ही रहता है और उनका अंतिम संस्कार मुंबई में ही किया जाएगा।
एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में ब्रिजेश त्रिपाठी बीते 46 सालों से काम कर रहे थे। उन्होंने 1979 में फिल्म 'सैया तोहरे कारण' से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। उनकी पहली हिंदी फिल्म 'टैक्सी चोर' थी, जो 1980 में रिलीज हुई थी। भोजपुरी इंडस्ट्री में कदम रखने से पहले ब्रिजेश त्रिपाठी ने कई बॉलीवुड फिल्मों में काम किया था। इसके अलावा उन्होंने कई टीवी सीरीज में भी काम किया था।
ब्रिजेश त्रिपाठी ने अपने करियर के दौरान अजय देवगन, शाहरुख खान, रजिनीकांत, रवि किशन, धर्मेंद्र और अमिताभ बच्चन जैसे कई बेहतरीन कलाकारों के साथ काम किया था। ब्रिजेश त्रिपति के फैन्स को उनकी मौत की खबर सुनकर बड़ा झटका लगा है। ऐसे में सभी फैन्स इस मुश्किल घड़ी उनके परिवार के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। भोजपुरी इंडस्ट्री के कई सेलेब्स ने भी ब्रिजेश त्रिपाठी की मौत पर दुख जताया है।
