इलेक्शन

Karnataka Election 2023 : कनार्टक की जनता को योगी ने अयोध्‍या आने का दिया न्‍योता, कन्‍नड़ में कही ये बात

Karnataka Assembly Election 2023 : बीजेपी के फायर ब्रांड नेता माने जाने वाले योगी आदित्‍यनाथ की डिमांड की राज्‍यों में बढ़ी है। लॉ एंड ऑर्डर के प्रति उनकी नीतियों और माफियाराज के विरुद्ध उनके जीरो टॉलरेंस वाले रवैये से जनता काफी खुश नजर आ रही है।

Image

योगी आदित्‍यनाथ ने मांड्या में रैली को संबोधित किया। (सांकेतिक फोटो)

Photo : BCCL

Karnataka Assembly Election 2023 : कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव (Karnataka Assembly Election) के लिए प्रचार लगभग अंतिम चरण में है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) किसी भी हाल में ये चुनाव हारना नहीं चाहती, इसलिए संगठन की ओर से जोरदार आजमाइश की जा रही है। आज कनार्टक के मांड्या में यूपी में मुख्यमंत्री और बीजेपी के स्‍टार प्रचारक योगी आदित्‍यनाथ (Yogi Adityanath) ने जनसभा की। यहां पर उन्‍होंने धर्म के आधार पर आरक्षण देने के मुद्दे को पूरी तरह से असंवैधानिक बताया। बता दें कि बीजेपी के फायर ब्रांड नेता माने जाने वाले योगी आदित्‍यनाथ (Yogi Adityanath) की डिमांड की राज्‍यों में बढ़ी है। लॉ एंड ऑर्डर के प्रति उनकी नीतियों और माफियाराज के विरुद्ध उनके जीरो टॉलरेंस वाले रवैये से जनता काफी खुश नजर आ रही है। इसी को देखते हुए सीएम योगी को इस बार भी पार्टी ने स्‍टार प्रचारकों की सूची में श‍ामिल किया है।

कनार्टक और यूपी का कनेक्‍शन जोड़ आए योगी

कर्नाटक (Karanataka) के मांड्या में प्रचार करने के लिए पहुंचे योगी ने कहा क‍ि "यूपी और का संबंध आज से नहीं त्रेतायुग से है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम को वनवास के सबसे अभिन्न सहयोगी के रूप में कोई मिला था तो बजरंगबली हनुमान जी मिले थे, उनका जन्म इसी कर्नाटक की धरती पर हुआ था। यह मित्रता इतनी अभिन्न है कि दुनिया में जहां कहीं भी भगवान श्रीराम का मंदिर होगा वहां हनुमानजी का भी मंदिर होगा। यही कारण है कि जब मैं कर्नाटक आता हूं तो आत्‍मीयता का अनुभव करता हूं। यहां के युवाओं से संवाद करने में मुझे प्रसन्‍नता होती है।"

पीएम मोदी को तारीफ में बोले योगी

मांड्या में रैली करते हुए यूपी के सीएम योगी (CM Yogi) बोले कि, "डबल इंजन की सरकार ही समृद्धता की गारंटी दे सकती है। कांग्रेस (Congress) का फेल इंजन देश को त्रासदी की ओर लेकर जाता है जबकि भाजपा (BJP) का डबल इंजन हमें सुरक्षा और समृद्धि की दिशा में ले जाता है। प्रधानमंत्री मोदीजी (PM Narendra Modi) के नेतृत्व में भारत आज टीम इंडिया के रूप में कार्य कर रहा है। कर्नाटक की जनता को तय करना है कि टीम इंडिया में कितने प्लेयर शामिल हों। टीम इंडिया में जितने प्लेयर जाएंगे, टीम उतनी ही मजबूती से काम करेगी।"

PFI के मुद्दे पर योगी ने दिखाए तेवर

यूपी में कानून व्‍यवस्‍था का जिक्र करते हुए योगी आदित्‍यनाथ (Yogi Adityanath) ने कहा क‍ि 'नो कर्फ्यू नो दंगा वहां पर है सब चंगा'। वहीं , PFI पर योगी बोले क‍ि "बीजेपी पीएफआई पर बैन लगाती है, लेकिन दूसरी तरफ कांग्रेस पीएफआई के तुष्टिकरण का काम करती है। धर्म के आधार पर आरक्षण भारत के संविधान के विपरीत है और असंवैधानिक है। हम सब एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना में यकीन रखते हैं।"

रामलला के दर्शन करने का न्‍योता

मांड्या की जनसभा में सीएम योगी ने अयोध्‍या के निर्माणाधीन राममंदिर का भी जिक्र किया। भाषण के अंत में योगी कर्नाटक की जनता को कन्‍नड़ भाषा में अयोध्‍या आकर प्रभु श्रीराम के दर्शन करने का आमंत्रण दिया। योगी ने जानकारी देते हुए कहा क‍ि "रामलला की मूर्ति प्रधानमंत्री मोदीजी के करकमलों से रखी जाएगी। 500 वर्षों में ऐसा पहली बार होगा। इसलिए मैं आप सभी को रामलला के विराजमान होने के अवसर पर अयोध्‍या आने का न्‍योता देने आया हूं।" योगी ने बताया कि "कर्नाटक की जनता के लिए अयोध्या में जमीन का आवंटन हो चुका है। अयोध्या में एक गेस्‍ट हाउस कर्नाटक सरकार का भी होगा। जब राम मंदिर का निर्माण कार्य पूरा हो तब आप सब भी अवश्‍य उपस्थित हों।"

Shaswat Gupta
शाश्वत गुप्ताauthor

पत्रकारिता जगत में पांच साल पूरे होने जा रहे हैं। वर्ष 2018-20 में जागरण इंस्‍टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्‍युनिकेशन से Advance PG डिप्लोमा करने के बाद मीडिया जगत में दस्तक दी। 2019 में दैनिक जागरण से पत्रकारीय जीवन का आरंभ हुआ। इसके बाद जागरण न्‍यू मीडिया, दैनिक भास्‍कर और इंडिया टीवी में सेवाएं दीं। अप्रैल 2023 से टाइम्‍स नाउ नवभारत (https://www.timesnowhindi.com/) के साथ यह सफर अनवरत‍ जारी है। परंपरागत मीडिया से प्रारंभ हुआ करियर अब आधुनिक यानी डिजिटल मीडिया तक पहुंच चुका है। ग्राउंड रिपोर्टिंग से शुरू हुई यह यात्रा लोकल/हाइपरलोकल डेस्‍क, प्रादेशिक डेस्‍क, सोशल मीडिया डेस्‍क, नेशनल डेस्‍क से अब वायरल डेस्‍क तक पहुंच चुकी है। करीब साढ़े चार साल के इस करियर में अविस्‍मरणीय अनुभव रहे हैं। दैनिक जागरण में पहली पारी के दौरान बिकरू कांड जैसी बड़ी और ज्‍वलन्‍त घटना की कवरेज करने का अवसर मिला। प्रिंट मीडिया और डिजिटल मीडिया दोनों ही मंचों पर बेहतरीन ढंग से खबर का प्रस्‍तुतिकरण किया। प्रिंट मीडिया की प्रादेशिक डेस्‍क पर कार्य करते हुए कानपुर सिटी, कानपुर देहात, इटावा, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, फतेहपुर, औरैया, जालौन, उन्‍नाव, फर्रुखाबाद और कन्‍नौज संस्‍करण की जिम्‍मेदारी संभाली। इन सभी डेस्‍क का कार्य निष्‍पादित करते हुए हर ब्रेकिंग खबर का प्रिंट व डिजिटल दोनों माध्‍यमों में बेहतरीन प्रस्‍तुतिकरण किया। तत्‍पश्‍चात् जागरण न्‍यू मीडिया के हाइपरलोकल सेक्‍शन की लॉन्चिंग में यूपी टीम के सक्रिय सदस्‍य रहे। 2019 से लेकर 2022 तक कोरोना की तीनों लहरों की कवरेज की। इस दौरान लॉकडाउन और ऑक्‍सीजन संकट से ऊपजे हालात पर कई स्‍टोरीज कीं। उत्‍तर प्रदेश पंचायत चुनाव 2021 में अलग-अलग दिनों में होने वाली अलग-अलग स्‍थानों की वोटिंग, काउंटिंग और रिजल्‍ट से जुड़ी खबरों को पाठकों तक बखूबी पहुंचाया। इस दौरान खबरों की प्‍लानिंग, लाइव ब्‍लॉग लाइव करने के साथ मल्‍टीपल स्‍टोरीज करने का अवसर मिला। 2021 में माफिया मुख्‍तार अंसारी की बांदा जेल में वापसी पर भी प्रतिद्वंद्वियों से बेहतर कवरेज की। ढाई साल में उत्‍तर प्रदेश के अंदर हुई इस उथल-पुथल के बाद कन्‍नौज के पियूष जैन कांड की खबर को ब्रेक किया। इस केस में रेग्‍युलर कवरेज करने के अलावा कई एक्‍सक्‍लूसिव स्‍टोरीज करने का मौका भी मिला। तत्‍पश्‍चात् कानपुर मेट्रो से जुड़े कार्यों की कवरेज कर औपचारिक तौर पर पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के दौरे और प्रथम कॉरिडोर के उद्घाटन की कवरेज करने के साक्षी रहे। उतार-चढ़ाव से भरा डिजिटल मीडिया का यह पहला अनुभव काफी शानदार रहा और बेहतरीन कवरेज से यूपी टीम में कानपुर सेक्‍शन को दूसरा सर्वाधिक Pageviews वाला सेक्‍शन बनाने में योगदान दिया। दैनिक भास्‍कर (DB Digital) के साथ उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में भगवा लहर के साक्षी रहे। डिजिटल मीडिया के दूसरे पड़ाव में प्रदेश की चुनावी सरगर्मी को भांपने का अवसर मिला। इसके साथ-साथ उत्‍तर प्रदेश की सैकड़ों तहसील, ब्‍लॉक व गांव इत्‍यादि की दैनिक खबरों का नियोजन कर उन्‍हें फ्लैश करने की जिम्‍मेदारी का निर्वाह किया। दूसरे पड़ाव में उत्‍तर प्रदेश के ग्रामीण परिवेश को खबरों के लिहाज से करीने से समझा और स्‍थानीय क्षेत्रों की समस्याओं को बड़े स्‍तर तक पहुंचाने का काम किया। विधानसभा चुनाव की छोटी-बड़ी खबरों को ब्रेक करने के साथ-साथ ऑब्‍जर्वेशन आधारित मल्‍टीपल स्‍टोरीज करने का अवसर भी मिला।इंडिया टीवी में समाचार लेखन और प्रस्‍तुतिकरण का एक नया अनुभव प्राप्‍त करने का सौभाग्‍य मिला। यू-ट्यूब की दुनिया में खबरों के महत्‍व, लेखन और प्रासंगिकता को समझने का अवसर मिला। जिसके बाद पंजाबी गायक स‍िद्धू मूसेवाला मर्डर केस और महाराष्‍ट्र के सियासी संकट की खबर को ब्रेक किया। यूपी में निर्माणाधीन एक्‍सप्रेस-वे पर वीडियो पैकेज बनाकर दर्शकों के सम्‍मुख यूट्यूब ओरिएंटेड एक्‍सक्‍लूसिव स्‍टोरी पेश की। राजू श्रीवास्‍तव-मुलायम सिंह यादव का निधन, श्रद्धा वाल्‍कर मर्डर केस, जोशीमठ की प्राकृतिक आपदा और द्रौपदी मुर्मू के राष्‍ट्रपति बनने के सफर पर कई वीडियो और उनकी LIVE स्‍ट्रीमिंग करने का मौका मिला। इनके अलावा साल 2022 में हुए गुजरात और हिमाचल प्रदेश के व‍िधानसभा चुनाव एवं दिल्‍ली एमसीडी चुनाव से जुड़े वीडियो पर खबरों की कवरेज (यू-ट्यूब पर), लाइव स्‍ट्रीमिंग की। चैनल के शो 'आप की अदालत' की री-लॉन्चिंग पर टीम के साथ को-ऑर्डिनेशन से लाइव स्‍ट्रीमिंग और वीडियो पैकेजिंग का अनुभव प्राप्‍त किया। इसके बाद माफिया अतीक अहमद की साबरमती जेल से वापसी और उसके बेटे के एनकाउंटर पर आधारित वीडियोज़ को बेहतरीन इमेज-कंटेंट क्रिएशन के साथ पब्लिश किया। कोई भी खबर न रुके, न छूटे, न चूके...इसी उद्देश्‍य के साथ विविधता से परिपूर्ण इस यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं।

और पढ़ें
End of Article