इलेक्शन

रन आउट, हिट विकेट और मैच फिक्सिंग: PM Modi के भाषण में वर्ल्ड कप का खुमार, कांग्रेस पर ऐसे कसा तंज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 19, 2023, 06:17 PM IST

PM Modi: पीएम मोदी ने कहा, राजस्थान में कांग्रेस सरकार पूरे पांच साल एक दूसरे को रन आउट करती रही। गलत बयान देकर इनके नेताओं ने एक दूसरे को हिट विकेट किया और बचे हुए नेता रिश्वत लेकर मैच फिक्सिंग कर लेते हैं।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

Photo : ANI

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष करते हुए रविवार को कहा कि इसके पांच साल एक दूसरे को रन आउट करने में बीते हैं। इसके साथ ही मोदी ने कांग्रेस और विकास को एक दूसरे का दुश्मन बताते हुए दावा किया कि राज्य की संस्कृति की रक्षा के लिए यहां की कांग्रेस सरकार को हटाना बहुत जरूरी है।

दरअसल, पीएम मोदी रविवार को तारानगर और झुंझुनू में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि आज-कल पूरा देश क्रिकेट के जोश से भरा हुआ है। क्रिकेट में बैट्समैन आता है और अपनी टीम के लिये रन बनाता है, लेकिन कांग्रेस में ऐसा झगड़ा है कि रन बनाना तो दूर ये लोग एक दूसरे को रन आउट करने में लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो बचे हैं वो महिलाओं और अन्य मुद्दों पर गलत बयान देकर हिट विकेट किये जा रहे हैं और बाकी जो है वो पैसे लेकर, रिश्वत लेकर मैच फिक्सिंग कर लेते हैं और कुछ काम नहीं करते।

इनकी टीम ही खराब... रन क्या बनाएंगे

इस दौरान मोदी ने तंज कसते हुए कहा जब इनकी टीम ही इतनी खराब है... ये क्या रन बनायेंगे और आपका क्या काम करेंगे। आप भाजपा को चुनेंगे, तो हम राजस्थान में भ्रष्टाचारियों की टीम को आउट कर देंगे। भाजपा विकास का स्कोर तेजी से बनाएगी और जीत राजस्थान की होगी। जीत राजस्थान के भविष्य की होगी, जीत राजस्थान की माताओं-बहनों, युवाओं और किसानों की होगी। मोदी ने कहा, कांग्रेस सरकार से जितना बचकर रहें, राजस्थान को जितना बचाकर रखें उतना ही आपका भविष्य सुनिश्चित है क्योंकि कांग्रेस और विकास, एक दूसरे के दुश्मन थे और दुश्मन रहेंगे। उन्होंने पेट्रोल के दाम को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस के कुशासन के कारण यहां महंगाई व बेरोजगारी भी बेलगाम हो गई है। कांग्रेस के पेपर लीक माफिया ने युवाओं का भविष्य लाखों रुपये में बेच दिया। कांग्रेस ने खाद घोटाला भी किया और कांग्रेस किसानों को लूट भी रही है।

कांग्रेस ने युवाओं के भविष्य से किया खिलवाड़

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पेपर लीक का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने पिछले पांच साल तक यहां के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। कोचिंग सेंटर पर छापे पड़े। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी मंत्री के रिश्तेदार अधिकारी बन गए और आपके बच्चों को मौका नहीं मिला। मोदी ने कहा, आप आश्वस्त रहें राजस्थान में भाजपा सरकार बनते ही कांग्रेस के हर जादू और पेपर लीक कांड की तेजी से जांच होकर रहेगी। काले धन की कोई भी तिजोरी हो, कितने ही बड़े रसूखदार की हो, वो भी अब बच नहीं पायेगा।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article