हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने विधानसभा उपचुनाव में इतिहास रच दिया है। कमलेश ठाकुर ने वो सीट कांग्रेस को दिला दी है, जिसपर कांग्रेस कभी नहीं जीती है। 2012 में परिसीमन के बाद देहरा विधानसभा सीट बना था, जिसके बाद इस सीट पर निर्दलीय और बीजेपी का कब्जा रहा था। लेकिन इस बार कांग्रेस ने यह सीट जीत ली है।
क्या बोलीं कमलेश ठाकुर
देहरा विधानसभा सीट से जीत के बाद कमलेश ठाकुर ने टाइम्स नाउ से बात करते हुए कहा कि यह जीत जनता की है। उनकी प्राथमिकता में सड़क, बिजली और पानी की समस्या को दूर करना होगा। उन्होंने कहा कि यह जीत पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत का नतीजा है। उसी का नतीजा है कि यह दिन देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस जीत का श्रेय उन लोगों को दूंगी जो पार्टी के साथ पूरी तरह से खड़े रहे। मुझे देहरा के लोगों पर गर्व है।
देहरा सीट का इतिहास
पिछले विधानसभा चुनावों में 2017 और 2022 में देहरा से निर्दलीय विधायक के रूप में होशियार सिंह जीते थे। लेकिन इस बार उपचुनाव में होशियार सिंह ने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा। 2012-17 तक देहरा से पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि विधायक चुने गए थे। इससे पहले देहरा की बजाय जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र था। 2012 में देहरा को विधानसभा क्षेत्र बनाया गया था। अभी तक देहरा से कोई भी कांग्रेस से विधायक नहीं बना था। अब सीएम की पत्नी कमलेश की जीत के बाद पहली बार देहरा से कांग्रेस को विधायक मिला है।
