इलेक्शन

हरियाणा चुनाव: कौन हैं कैप्टन योगेश कुमार बैरागी, जिन्हें बीजेपी ने विनेश फोगाट के खिलाफ मैदान में उतारा

सिरसा के डबवाली विधानसभा सीट से पार्टी ने सरदार बलदेव सिंह मांगीयाना को उम्मीदवार बनाया है। यहां से जननायक जनता पार्टी (जजपा) के दिग्विजय चौटाला चुनावी मैदान में हैं। यह चौटाला परिवार की परंपरागत सीट मानी जाती है।

Image

योगेश बैरागी का मुकाबला विनेश फोगाट से

Haryana Elections BJP List: भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को 21 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी। पार्टी ने जुलाना सीट से कांग्रेस उम्मीदवार पहलवान विनेश फोगाट के खिलाफ युवा नेता कैप्टन योगेश कुमार बैरागी को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी की ओर से जारी सूची में दो मुस्लिम उम्मीदवारों को भी टिकट देने की घोषणा की गई है। भाजपा ने फिरोजपुर झिरका से नसीम अहमद और पुन्हाना से ऐजाज खान को चुनावी मैदान में उतारा है।

प्रमुख सीटों पर ये उम्मीदवार

सिरसा के डबवाली विधानसभा सीट से पार्टी ने सरदार बलदेव सिंह मांगीयाना को उम्मीदवार बनाया है। यहां से जननायक जनता पार्टी (जजपा) के दिग्विजय चौटाला चुनावी मैदान में हैं। यह चौटाला परिवार की परंपरागत सीट मानी जाती है। दिग्विजय जजपा के महासचिव और पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के छोटे भाई हैं। पार्टी ने ऐलनाबाद सीट से अमीर चंद मेहता को उम्मीदवार बनाया है। यह विधानसभा क्षेत्र सिरसा लोकसभा सीट का हिस्सा है। यह सीट भी चौटाला परिवार का गढ़ मानी जाती है। साल 2000 में हुए चुनाव के बाद इस सीट पर इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) का कब्जा रहा है। साल 2021 में इस सीट पर हुए उपचुनाव में इनेलो के अभय चौटाला ने जीत हासिल की थी।

विनेश फोगाट के खिलाफ जुलाना में बैरागी पर दांव

खेल से राजनीति में आईं कांग्रेस उम्मीदवार विनेश फोगाट के खिलाफ जुलाना में भाजपा ने युवा नेता और एयर इंडिया की नौकरी छोड़कर राजनीति में कदम रखने वाले कैप्टन योगेश कुमार बैरागी पर दांव खेला है। सफीदों निवासी योगेश इस समय भाजपा युवा मोर्चा की हरियाणा इकाई के उपाध्यक्ष हैं। भाजपा ने बुधवार को जारी अपनी पहली सूची में 67 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। हरियाणा के मुख्यमंत्री एवं करनाल से मौजूदा विधायक नायब सिंह सैनी को कुरुक्षेत्र जिले की लाडवा सीट से मैदान में उतारा गया है।

भाजपा की नजर हरियाणा में लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने पर है, लेकिन उसे कांग्रेस से कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है। कांग्रेस राज्य में सत्ता विरोधी लहर का फायदा उठाने की कोशिश कर रही है। राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच अक्टूबर को मतदान होना है और मतगणना 8 अक्टूबर को होगी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article