इलेक्शन

जब मायावती ने अटल जी के छुए पैर, फिर लोकसभा में लिया यू-टर्न, 1 वोट से गिर गई NDA सरकार

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Mar 21, 2024, 01:50 PM IST

Loksabha Election 2024: राजनीतिक उलटफेर करने वाला यह वाकया 1999 का है। लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा ने गठबंधन के साथियों के साथ मिलकर एनडीए की सरकार बनाई। इस गठबंधन सरकार में तमिलनाडु की एआईएडीएमकी भी शामिल थी।

Image

1999 में एक वोट से गिरी थी वाजपेयी सरकार।

Loksabha Election 2024: सरकारों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आना कोई बड़ी बात नहीं है। समय-समय पर विपक्ष सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करता आया है लेकिन साल 1999 में अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के खिलाफ पेश अविश्वास प्रस्ताव को कोई भूल नहीं सकता है। आजादी के बाद भारत की यह पहली सरकार थी जिसे अविश्वास प्रस्ताव के दौरान हुई वोटिंग में उसे बहुमत के आंकड़े से एक वोट कम मिला और यह सरकार गिर गई। यह बात अलग है कि कुछ महीने बाद हुए चुनाव में वाजपेयी जी का एनडीए सत्ता में वापसी करने में सफल हो गया।

वाजपेयी ने 'अंतरात्मा की आवाज' सुनने की अपील की

वाजपेयी को पता था कि उनके पास बहुमत के लिए जरूरी आंकड़ा नहीं है और अविश्वास प्रस्ताव के दौरान 'खेल' हो सकता है। सरकार बचाने के लिए उन्होंने विपक्ष के सांसदों से अपनी 'अंतरात्मा की आवाज' सुनकर वोट करने की अपील की। सरकार के फ्लोर मैनेजर जो उस समय प्रमोद महाजन थे, उन्होंने भी विपक्षी सांसदों में सेंध लगाने की भरपूर कोशिश की लेकिन वह सफल नहीं हो पाए। इस पूरे मामले में सबसे बड़ा नाटकीय घटनाक्रम बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीमो मायावती का पाला बदलना रहा। एक तरह से मायावती ने वाजपेयी को धोखा दिया।

जयललिता ने सरकार से समर्थन लिया था वापस

राजनीतिक उलटफेर करने वाला यह वाकया 1999 का है। लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा ने गठबंधन के साथियों के साथ मिलकर एनडीए की सरकार बनाई। इस गठबंधन सरकार में तमिलनाडु की एआईएडीएमकी भी शामिल थी लेकिन 13 महीनों के बाद जयललिता ने वाजपेयी सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया। एआईएडीएमके के समर्थन वापस लेने पर वाजपेयी सरकार अल्पमत में आ गई। सरकार को बचाने के लिए भाजपा के फ्लोर मैनजरों ने गुणा गणित बिठाया।

पैर छूकर आशीर्वाद लिया फिर लोकसभा में पलट गईं

भाजपा को सबसे बड़ी उम्मीद बसपा सुप्रीमो से थी जो उसी के समर्थन से यूपी की मुख्यमंत्री थीं। मायावती ने भाजपा को भरोसा दिया वह उसके साथ हैं और अविश्वास प्रस्ताव के दौरान उनके छह सांसद एनडीए का समर्थन करेंगे। मायावती के इस भरोस के बाद भाजपा बहुत हद तक सरकार को लेकर आश्वस्त हो गई लेकिन अविश्वास प्रस्ताव वाले दिन यानी 17 अप्रैल की सुबह मायावती पीएम अटल बिहारी वाजपेयी से मिलीं और उनका पैर छूकर आशीर्वाद लिया। मायावती ने कहा कि उनके छह सांसद सरकार के पक्ष में मतदान करेंगे। लेकिन लोकसभा में उन्होंने अपना पाला बदलते हुए यू-टर्न ले लिया। बसपा के सभी छह सांसदों ने वाजपेयी सरकार के खिलाफ वोट किया। इस वोटिंग में वाजपेयी सरकार को सरकार बचाने के जादुई आंकड़े से एक वोट कम मिला और उनकी सरकार गिर गई। सरकार गिरने के बाद मायावती ने कहा था कि 'उन्होंने जानबूझकर भाजपा को मूर्ख बनाया।' वाजपेई सरकार के पक्ष में 269 और विपक्ष में 270 मत पड़े थे।

जयललिता ने इसलिए समर्थन वापस लिया

जयललिता चाहती थीं कि सरकार उनके खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े सभी मुकदमे वापस ले और तमिलनाडु की करुणानिधि सरकार को बर्खास्त किया जाए। इसके अलावा वह सुब्रमण्यम स्वामी को वित्त मंत्री बनवाने पर भी जोर दे रही थीं। लेकिन वाजपेयी एआईएडीएमके प्रमुख के दबाव में आने के लिए तैयार नहीं हुए। जयललिता भी दिल्ली आईं और 11 अप्रैल को 11 बजे राष्ट्रपति से मिलकर उन्होंने वाजपेयी सरकार से समर्थन वापसी का पत्र दे दिया।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article