BJP Assam Sankalp Patra : असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को गुवाहाटी में अपना 'संकल्प पत्र' (घोषणापत्र) जारी किया। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया एवं पार्टी के अन्य नेताओं की मौजूदगी में जारी हुए इस 'संकल्प पत्र' में कई वादे किए गए हैं। भाजपा ने कहा है कि सत्ता में वापसी होने के बाद वह राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करेगी और दो लाख नौकरियां देगी। इस मौके पर सरमा ने सीटों की भविष्यवाणी भी कर दी। उन्होंने कहा कि भाजपा को 96-100 सीटों पर जीत मिलेगी। कांग्रेस 15-16 सीटें, यूडीएफ पांच से छह सीटें, रायजोर दल एक से दो और एजेपी शून्य से एक सीट जीत सकता है।
असम में विधानसभा की 126 सीटों के लिए 9 अप्रैल को होगा मतदान।
असम में UCC लागू करने, 2 लाख नौकरी देने का वादा
मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि 'छठवीं अनुसूची, अनुसूचित जनजाति के इलाकों कों छोड़कर पूरे असम में यूसीसी लागू करेंगे। हमारी कोशिश असम को बाढ़ मुक्त करने की होगी। सरकार अपने शुरुआती दो सालों में 18,000 करोड़ रुपए खर्च करेगी। यही नहीं अगले पांच सालों में हम दो लाख नौकरियां देंगे। हम राज्य में मेडिकल कॉलेज, युनिवर्सिटी, इंजीनियरिंग कॉलेज बनाना चाहते हैं।' जबकि प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य असम को सुरक्षित एवं विकसित बनाना है।मुख्यमंत्री सरमा ने असम के लोगों से 31 वादे किए हैं लेकिन हम यहां BJP के 10 बड़े संकल्पों का जिक्र करेंगे-
संकल्प पत्र की 10 बड़ी बातें
- सत्ता में लौटने पर UCC लागू करने, दो लाख नौकरियां देने का वादा
- ओरुनोदोई योजना के तहत महिलाओं को Rs 3000
- असम को बाढ़ मुक्त करने का वादा
- अगले दो सालों में Rs 18,000 करोड़ होंगे खर्च
- 40 लाख महिलाएं बनाई जाएंगी लखपति दीदी
- लखपति दीदी योजना के तहत मिलेगी Rs 25, 000 की मदद
- वरिष्ठ नागरिकों को प्रत्येक महीने Rs 1250 की पेंशन
- प्रत्येक परिवार को 25 लाख रुपए तक का बीमा कवर
- जुबीन गर्ग को 100 दिनों में न्याय दिलाने का वादा
- 10 लाख स्वदेशी लोगों को भूमि अधिकार देने का संकल्प
'संकल्प पत्र' के लिए 2.45 लाख सुझाव मिले-BJP प्रदेश अध्यक्ष
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2026 का चुनाव असम के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। भाजपा असम को पूरी तरह से सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से इस बार का चुनाव लड़ रही है। हम इस चुनाव के लिए तैयार हैं। दिलीप ने कहा कि 'संकल्प पत्र' के लिए हमें 2.45 लाख सुझाव मिले, जिसके बाद इसे तैयार किया गया।
