पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव (West Bengal Elections) के पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होने जा रहा है। इसके लिए चुनाव आयोग ने पूरी तैयारी कर ली है। गुरुवार को जहां एक ओर से कई प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमाएंगे तो लाखों मतदाता अपना मत ईवीएम में लॉक करेंगे।
West Bengal Elections: वोटर लिस्ट में है या कट गया, नाम और अपना पोलिंग बूथ कैसे खोजें
अक्सर देखा गया है कि पिछले चुनाव में वोटर लिस्ट में नाम होने के बावजूद अगले चुनाव तक वह सूची से हट जाता है। खासतौर पर SIR के बाद कई मामले काफी आ रहे हैं। ऐसी स्थिति में कई मतदाता परेशान हो जाते हैं, लेकिन आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप अपने मोबाइल फोन के जरिए ही आसानी से वोटर लिस्ट में अपना नाम चेक कर सकते हैं। आइए तरीका जानते हैं...
चुनाव आयोग की वेबसाइट
वोटर लिस्ट में नाम देखने के लिए आपको चुनाव आयोग के आधिकारिक पोर्टल National Voters' Service Portal पर जाना होगा। वहां से इलेक्ट्रोरल सर्च बटन पर क्लिक करना होगा या फिर आप सीधे इस लिंक पर क्लिक कर सकते हैं। इस वेबसाइट के जरिए न सिर्फ आप अपना नाम चेक कर सकते हैं, बल्कि नया नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया भी पूरी कर सकते हैं।
सर्च बॉक्स से खोजें अपना नाम
पोर्टल पर जाने के बाद आपको सर्च का विकल्प दिखाई देगा। उस पर क्लिक करते ही नया पेज खुलेगा, जहां आप अपनी जानकारी भरकर नाम खोज सकते हैं। इसमें नाम, पिता या पति का नाम, उम्र, राज्य, लिंग, जिला और विधानसभा क्षेत्र जैसी डिटेल डालनी होती है। इन जानकारियों के आधार पर आप आसानी से पता लगा सकते हैं कि आपका नाम वोटर लिस्ट में है या नहीं।
वोटर आईडी नंबर से भी कर सकते हैं सर्च
नाम खोजने का एक और आसान तरीका है वोटर आईडी नंबर का उपयोग। इसी पेज पर आपको यह विकल्प भी मिलता है, जहां सिर्फ मतदाता पहचान-पत्र क्रमांक दर्ज करके आप सीधे अपना रिकॉर्ड देख सकते हैं।
कौन-सा तरीका है ज्यादा आसान?
दोनों तरीकों से नाम चेक किया जा सकता है, लेकिन वोटर आईडी नंबर के जरिए सर्च करना ज्यादा आसान और तेज होता है। इसमें कम जानकारी देनी पड़ती है और रिजल्ट भी जल्दी मिल जाता है।
पोलिंग बूथ कैसे चेक करें
अब बात पोलिंग बूथ की करें कि आपका पोलिंग बूथ कौन-सा है तो इसे भी आप ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। इसके लिए आपको https://electoralsearch.eci.gov.in/pollingstation पर जाना होगा। उसके बाद अपना वोटर कार्ड नंबर डालें और कैप्चा डालकर सबमिट करें। इसके बाद आपको अपने पोलिंग बूथ की जानकारी मिल जाएगी।
