West Bengal Assembly Elections 2026: पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र का महापर्व आज से शुरू होने जा रहा है। पहले चरण का मतदान आज 7 बजे से शुरू होने जा रहा है जिसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पश्चिम बंगाल का विधानसभा चुनाव 2026 काफी अहम माना जा रहा है।
वोटर कार्ड और आधार कार्ड नहीं है तो वोट कैसे डालें, वोटिंग के लिए कौन-कौन से डॉक्यूमेंट्स हैं मान्य
आधार कार्ड नहीं है तो वोट कैसे डालें?
कई लोगों को लगता है या जानकारी के अभाव में उनका मानना है कि यदि उनके पास आधार कार्ड और वोटर कार्ड नहीं है तो वे वोट नहीं डाल सकते, लेकिन आपको पता दें कि आपके पास आधार कार्ड नहीं है तो भी आप मतदान कर सकते हैं और यदि आपके पास वोटर कार्ड नहीं है तो भी आप मतदान कर सकते हैं।
मनरेगा जॉब कार्ड भी चलेगा
चुनाव आयोग ने इसके लिए 12 वैकल्पिक फोटो पहचान पत्रों की पूरी लिस्ट जारी की है जिनमें से आप किसी भी एक पहचान पत्र को दिखाकर मतदान कर सकते हैं। इस लिस्ट में दस्तावेजों में पासपोर्ट, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और बैंक या डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक जैसे विकल्प शामिल हैं। इसके अलावा मनरेगा जॉब कार्ड, पेंशन दस्तावेज और केंद्र या राज्य सरकार द्वारा जारी सेवा पहचान पत्र भी मान्य होंगे।
आयोग के मुताबिक वोटर कार्ड के अलावा वैकल्पिक पहचान पत्रों की लिस्ट में यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (UDID) कार्ड, एनपीआर (NPR) के तहत जारी स्मार्ट कार्ड और सांसदों या विधायकों को जारी आधिकारिक पहचान पत्र और स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड (आयुष्मान भारत) भी शामिल है।
वोटर लिस्ट में नाम होना जरूरी
इन पहचान पत्रों के साथ आप तभी मतदान कर सकते हैं जब वोटर लिस्ट में आपका नाम शामिल हो। अब यहां एक बड़ा सवाल सामने आ रहा है कि आपका नाम वोटर लिस्ट में है या नहीं तो आप अपने पोलिंग बूथ का वोटर लिस्ट चेक कर सकते हैं। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाकर भी आप अपना नाम वोटर लिस्ट में सर्च कर सकते हैं।
