PM Modi in Bengal: देश के कई राज्यों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। इनमें एक पश्चिम बंगाल भी है। जहां आने वाले दिनों में मतदान होना है। इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी का राज्य में धुआंधार प्रचार जारी है। इस बीच उन्होंने हल्दिया में एक रैली को संबोधित किया। उस दौरान उन्होंने कहा कि इस बार बंगाल ने हर विपरीत परिस्थिति पर विजय पाने का संकल्प लिया है। इस उत्साह में भाजपा की जीत साफ देखी जा सकती है। 5 साल पहले नंदीग्राम में जो हुआ था, वही इस साल भवानीपुर और पूरे पश्चिम बंगाल में फिर से होने जा रहा है।
'बंगाल में BJP की लहर, इस बार खेला होगा...'; चुनावी राज्य में पीएम मोदी का धुआंधार प्रचार, हल्दिया में TMC पर की ये टिप्पणी
पीएम मोदी ने कहा, 'बंगाल में यह चुनाव कोई सामान्य चुनाव नहीं है। यह बंगाल की शान को फिर से स्थापित करने का चुनाव है। यह एक विकसित बंगाल की नींव को मजबूत करने का चुनाव है, और इसका पहला और सबसे अहम कदम इस बेरहम सरकार को सत्ता से हटाना होगा...आज भारत तेजी से तरक्की कर रहा है। दुनिया में सबसे तेज विकास दर भारत की है। इसका मतलब यह है कि जहां देश भर के कई राज्य तरक्की की राह पर आगे बढ़ रहे हैं, वहीं TMC की बेरहम सरकार बंगाल को पीछे खींच रही है।'
ये परिवर्तन की आंधी: मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि इस बार राज्य में परिवर्तन की आंधी चल रही है। बंगाल ने इस बार हर विपरीत परिस्थिति को पराजित करने का फैसला कर लिया है। ये टीएमसी की निर्मम सरकार के जाने का ऐलान है। ये बंगाल के वैभव को दोबारा स्थापित करने का चुनाव है। इस निर्मम सरकार की विदाई आप जरूर करेंगे।
उन्होंने कहा कि टीएमसी की निर्मम सरकार में सिर्फ और सिर्फ घुसपैठियों की फैक्ट्री फली-फूली है। बंगालियों और अपराधियों की दुकानें फली-फूली हैं। लेकिन इस बार खेला होगा। भाजपा की लहर है।
पीएम मोदी ने कहा कि निर्मम सरकार की राजनीति का एक ही केंद्र बिंदु है, और वो है भय, भय दिखाओ, भय पैदा करो।
फैक्ट्री , कारखाने भय से नहीं भरोसे से चलते हैं। लेकिन सिंडिकेट का गुंडा राज तृणमूल ने चलाया है जहां कट मनी के अलावा कुछ नहीं चलता।
TMC पर जोरदार हमला, ममता का नाम नहीं
उन्होंने कहा कि तृणमूल ने बंगाल के युवाओं को डबल धोखा दिया। सरकारी भर्तियों को तृणमूल के मंत्री लूट रहे हैं। नौजवान और उनके परिवार के सपने को कुचल दिया है। बंगाल के युवाओं को ये सरकार एक और धोखा दे रही है, वहीं धर्म के आधार पर ये आरक्षण देने में जुटी है। कोर्ट बार-बार इसे खारिज करता है, ये लेकिन कोर्ट को नहीं मानते।
पीएम मोदी ने कहा, 'जो बंगाल कभी भारत की प्रगति का आधार था, जो बंगाल कभी भारत की मैन्युफैक्चरिंग और व्यापार को मजबूती देता था, उसी बंगाल को टीएमसी ने विकास के सभी पैरामीटर्स में काफी नीचे गिरा दिया है।' उन्होंने कहा कि विकसित बंगाल के लिए बीजेपी जरूरी, सबको हक मिलेगा, ये मोदी की गारंटी है।
मोदी बोले- TMC सरकार ने बंगाल के युवाओं के साथ जो किया है, वे अगले 100 साल में भी अपने पाप नहीं धो पाएंगे। TMC ने बंगाल के युवाओं के साथ दोहरा धोखा किया है। यहां प्राइवेट सेक्टर में नौकरियां नहीं हैं। अगर वे हैं भी, तो उन्हें घुसपैठियों को दे दिया गया है। सरकारी रिक्तियों को TMC के मंत्री लूट रहे हैं।
