पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए जैसे-जैसे मतदान का दिन नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे सियासी पारा और बढ़ता जा रहा है। सभी राजनीतिक दल एक दूसरे के खिलाफ बयानों के तीर चला रहे हैं। यहां इस बार मेन मुकाबला भाजपा और टीएमसी के बीच देखा जा रहा है, यही वजह है कि इन दोनों पार्टियों के नेता एक-दूसरे को खूब आड़े हाथों ले रहे हैं। इस बीच, भाजपा ने ममता बनर्जी पर वोटरों में डर फैलाने और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया है। राजधानी दिल्ली में प्रेस कॉफ्रेंस कर भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि ममता बनर्जी द्वारा CRPF की तैनाती पर उठाए जा रहे सवाल उनकी बौखलाहट और आने वाली हार की आशंका को दर्शाते हैं।
रविशंकर प्रसाद ने ममता बनर्जी पर साधा निशाना।
CRPF पर ममता के आरोप बेसिरपैर- भाजपा
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता का यह दावा पूरी तरह झूठा है कि केंद्रीय बलों के आने से बंगाल के मतदाताओं को नुकसान होगा।
उन्होंने कहा, 'ममता जी,CRPF किसी को मारने नहीं आती। वे उन निर्दोष मतदाताओं की रक्षा के लिए आते हैं जिन्हें आपके कार्यकर्ता हिंसा के जरिए मतदान से रोकते हैं।' उन्होंने कहा कि केंद्रीय बलों की तैनाती शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने और डर और धमकी के माहौल को खत्म करने के लिए की जा रही है।
EC की निष्पक्ष तैनाती पर भी आपत्ति
इससे पहले, ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा था कि उत्तर प्रदेश से लगभग 200 वाहनों में CRPF कर्मी बंगाल भेजे जा रहे हैं। इस पर चुनाव आयोग ने भी साफ किया था कि सभी तैनातियां तय मानक प्रक्रिया के मुताबिक और निष्पक्ष तरीके से की जा रही हैं। ममता बनर्जी के इस बयान पर रविशंकर प्रसाद ने कहा कि अगर चुनाव आयोग निष्पक्ष चुनाव कराने की कोशिश कर रहा है तो आप उसे भी धमकाने लगती हैं। यह लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है।
उन्होंने 31 मार्च को मालदा में कई न्यायिक अधिकारियों के घंटों घेराव की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि टीएमसी समर्थक प्रशासन और संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
TMC का इतिहास ही ऐसा है कि...-भाजपा
प्रेस कॉफ्रेंस के दौरान भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि टीएमसी के कार्यकर्ता राज्य में विपक्ष को चुनाव प्रक्रिया में शामिल होने तक नहीं देते। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में नामांकन तक दाखिल नहीं करने दिया जाता। कई जगहों पर नामांकन पत्र फाड़ दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी कोलकाता में लोग बूथ तक नहीं पहुंच पाते, वोटर स्लिप छीन ली जाती है। भाजपा के कई उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं पर भी हमले हुए हैं।
अवैध घुसपैठ पर भी BJP का बड़ा आरोप
इस दौरान रविशंकर प्रसाद ने बंगाल में अवैध घुसपैठ का भी मुद्दा उठाया। ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य पुलिस घुसपैठियों का समर्थन करती है और दूसरे विभागों को कार्रवाई नहीं करने देती। अब जब केंद्र कड़ी कार्रवाई कर रहा है तो कई घुसपैठिये खुद भाग रहे हैं। भाजपा सरकार आने पर और सख्त कार्रवाई होगी।
'वोटर लिस्ट से नाम हटाने का आरोप झूठा’
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया था कि कुछ मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं। भाजपा ने इस दावे को बिना आधार बताते हुए कहा कि यह जनता को गुमराह करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी और टीएमसी को पता है कि जनता बदलाव चाहती है, इसलिए वे “डर का माहौल बनाकर” चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।
