इलेक्शन

'महिला CM होने के बावजूद....'; अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ममता बनर्जी पर साधा निशाना

West Bengal Assembly Election 2026: RG Kar रेप केस के बाद, बनर्जी ने महिलाओं को शाम 7 बजे के बाद बाहर न निकलने की सलाह दी थी। शाह ने बनर्जी की इस टिप्पणी की कड़ी आलोचना की।

Image

'महिला CM होने के बावजूद....'; अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ममता बनर्जी पर साधा निशाना

Amit Shah News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता बमों का जवाब वोटों से देगी और विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ’डबल इंजन’ वाली सरकार बनेगी। अमित शाह ने बीरभूम जिले के मयूरेश्वर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा राज्य में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद ’माफिया राज’ समाप्त करेगी।

उन्होंने कहा, ’पश्चिम बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी सरकार को विदा करने का मन बना लिया है और वह बम और गोलियों का जवाब वोटों से देगी।’ शाह ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य के बहुसंख्यक समुदाय को डराने की कोशिश कर रही हैं और कहा कि यह चुनाव राज्य और देश से घुसपैठियों को बाहर निकालने का है।

हम यहां सदियों से, आप धमकाने वाली कौन?

शाह ने प्रश्नात्मक लहजे में कहा, 'दीदी, हम यहां सदियों से रह रहे हैं। हमें धमकाने वाली आप कौन हैं।' अमित शाह ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में मुर्शिदाबाद में दंगे हुए, राम नवमी शोभायात्रा पर हमले किए गए और कुछ स्थानों पर सरस्वती पूजा की अनुमति नहीं दी गई।

गृह मंत्री शाह ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों से राज्य में शासन कर रही तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल को बम और गोलियों का गोदाम बना दिया है।

उन्होंने कहा, 'मैं तृणमूल के गुंडों से कहना चाहता हूं कि वे मतदान के दिन घर में रहें वरना चार मई के बाद उन्हें जेल भेज दिया जाएगा।'

उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग ने राज्य में पर्याप्त केंद्रीय बल भेजे हैं। अमित शाह ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने कई स्थानों पर बीएसएफ को भारत-बांग्लादेश सीमा पर तारबंदी के लिए जमीन उपलब्ध नहीं कराई है और यदि यहां भाजपा की सरकार बनती है तो इस उद्देश्य के लिए 45 दिनों के भीतर जमीन उपलब्ध कराई जाएगी।

महिलाएं रहेंगी सुरक्षित

RG Kar रेप केस के बाद, बनर्जी ने महिलाओं को शाम 7 बजे के बाद बाहर न निकलने की सलाह दी थी। शाह ने बनर्जी की इस टिप्पणी की कड़ी आलोचना की। शाह ने कहा, 'ममता दीदी कहती हैं कि महिलाओं को शाम 7 बजे के बाद बाहर नहीं निकलना चाहिए। ममता दीदी, थोड़ी तो शर्म करो! खुद एक महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद, तुम बंगाल की बेटियों की रक्षा नहीं कर पाईं।' शाह ने राज्य की महिलाओं को यह भरोसा दिलाया कि अगर यहां भाजपा सत्ता में आती है तो वे दिन-रात अपने काम स्वतंत्र रूप से कर सकेंगी।

अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी, जिससे सभी लोग एक ही कानून और नियमों के दायरे में आएंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हर क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण राज्य की जनता को केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article