विनेश फोगाट जुलाना से चुनाव लड़ेगी, ये लगभग कंफर्म हो गया है। आज ही कांग्रेस में शामिल हुई विनेश फोगाट के चुनाव लड़ने पर कई अटकलें लग रही थीं, जिसे लेकर अब कांग्रेस के हरियाणा अध्यक्ष ने ही साफ कर दिया है कि वो जुलाना से चुनाव लड़ेंगी। वहीं बजरंग पूनिया को लेकर अभी तक कोई अपडेट नहीं आई है, कहा जा रहा है कि पूनिया चुनाव नहीं लड़ेंगे।
हरियाणा कांग्रेस प्रमुख दीपक बाबरिया ने क्या कहा
विनेश फोगट के विधानसभा चुनाव लड़ने पर हरियाणा कांग्रेस प्रमुख दीपक बाबरिया ने कहा- "मुझे लगता है कि यह तय हो चुका है कि वह जुलाना से चुनाव लड़ेंगी।" सांसदों के विधानसभा चुनाव लड़ने पर उन्होंने कहा, "आज तक किसी भी सांसद को विधानसभा चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं दी गई है।"
आज ही कांग्रेस में शामिल हुई है विनेश फोगाट
बता दें कि कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने विनेश और बजरंग को पार्टी की सदस्यता दिलाई। कांग्रेस में शामिल होने के बाद विनेश फोगाट ने कहा, “मुझे इस बात की खुशी है कि मैं आज उस पार्टी में हूं, जो महिलाओं के साथ हमेशा रहती है। मैं मीडिया का भी धन्यवाद करना चाहूंगी कि वे हमारे साथ हमेशा रहे। हमारी आवाज को बुलंद करने में मीडिया ने अहम भूमिका निभाई। मुश्किल समय में किसी ने हमारा साथ दिया, तो वह कांग्रेस थी। जब हमने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ आवाज उठाई तो हमारे साथ देश की हर पार्टी खड़ी थी, लेकिन भाजपा नहीं थी।”
खड़गे-राहुल से भी हो चुकी है मुलाकात
कांग्रेस में शामिल होने से पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दोनों पहलवानों के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की थी। इस दौरान पार्टी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल भी मौजूद रहे। खड़गे ने मुलाकात की तस्वीर भी अपने एक्स हैंडल पर साझा की थी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी दोनों पहलवानों से मिले थे। उसके बाद से ही राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा अपने चरम पर पहुंच गई थी कि दोनों कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।
